संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट (सोलन)। शहर की मुख्य पेयजल योजना अश्वनी खड्ड में शिमला की तरफ से बार-बार बदबूदार काला पानी आने के बाद जलशक्ति विभाग हरकत में आ गया है। शनिवार को मुख्य अभियंता धर्मेंद्र गिल विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने अश्वनी खड्ड का काफी दूर तक निरीक्षण किया। यहां पर पानी को देखकर उन्होंने खुद टीम से वहां के सैंपल भरवाए। इन सैंपलों को विभाग की लैब और कंडाघाट लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा। हालांकि अभी शहर के लिए यहां से पानी की सप्लाई चलती रहेगी। रिपोर्ट में यदि खराबी आती है तो इसे बंद किया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार अश्वनी खड्ड में पिछले काफी दिनों से पानी मे भारी मात्रा में गंदगी, मलमूत्र बहकर आ रहा है। साधुपुल सहित अश्वनी खड्ड के किनारे बसे दर्जनों गांव के लोगों को इससे भारी परेशानी हो रही है। आसपास के किसान इस पानी से सिंचाई तक नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार विभाग को बताया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद साधुपुल के लोगों और होटल एसोसिएशन ने इसकी शिकायत सोलन के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम से की। उन्होंने भी अपने दौरे के दौरान यहां पर मौके का निरीक्षण किया था। उन्होंने उच्चाधिकारियों को इसकी जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद अब विभाग हरकत में आया है। शनिवार को इसकी जांच कर यहां से सैंपल भरे।
उधर, जलशक्ति विभाग मंडल सोलन के अधिशासी अभियंता ई. रविकांत शर्मा ने बताया कि शनिवार को मुख्य अभियंता ने अश्वनी खड्ड का निरीक्षण किया। यहां से सैंपल भरे गए हैं। सैंपल जांच के लिए कंडाघाट और विभाग की लैब में भेजे गए हैं।