संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। दिग्गल में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा गूंजा। जनमंच में आए ज्यादातर लोगों ने सड़कों की खस्ता हालत को लेकर मंत्री से सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की लापरवाही का खामियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ रह है। आए दिन लोगों के वाहनों में गड्ढों के कारण टूट-फूट होती है।
दिग्गल की पूर्व बीडीसी सदस्य राजरानी ने नालागढ़-शिमला मार्ग की खस्ता हालत को लेकर मंत्री से कहा कि विभाग के अधिकारियों से पूछे कि वे पहले कब क्षेत्र की सुध लेने पहुंचे थे। यहां की सड़कों को पर टारिंग नहीं बल्कि पॉलिश की जा रही है। आगे दो किमी सड़क पक्की होती है तो पिछली तीन किलोमीटर की टारिंग उखड़ जाती है।
गर्भवती महिलाओं एक अन्य स्थानीय दुकानदार ने कहा कि दिक्कत से रामशहर के लिए वाया झांडू मार्ग काफी नजदीक पड़ता है। इस कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ चुकी है। सड़क की हालत पहले से बदतर होती जा रही है। अब वाहन चालकों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जनमंच में बिजली, पानी से संबंधित भी मुद्दों पर भी अधिकारियों से सवाल किए।
ताजमहल नहीं पशु औषधालय है, बनाने में इतना समय लगा दिया
दिग्गल ग्राम पंचायत के प्रधान पवन कुमार समेत ग्रामवासियों ने समस्या उठाई कि पिछले कई वर्षों से पशु औषधालय नहीं बना है। विभाग के नाम से जमीन है और पुराना औषधालय गिर चुका है, बावजूद इसके विभाग आनाकानी कर रहा है। अभी तक पशु औषधालय नहीं बना। मंत्री ने विभाग को फटकार लगाते हुए कहा कि इतना समय क्यों लग रहा है। इतने बड़े क्षेत्र में पशु औषधालय न होना दुख की बात है। मंत्री ने कहा कि कोई ताजमहल तो नहीं बना रहे जो अभी तक नहीं बना। उन्होंने जल्द बनाने के आदेश दिए।
मजदूरी नहीं दे रहे जलशक्ति विभाग के ठेकेदार
प्रवीण कुमार निवासी बनोन (मान) ने मंत्री से जल शक्ति विभाग के ठेकेदार ने अभी तक उन्हें मजदूरी के पैसे नहीं मिलने के बारे में बात कही। शिकायतकर्ता ने कहा कि उनके समेत करीब 10 मजदूरों ने जल शक्ति विभाग में जल जीवन मिशन के अंतर्गत एक ठेकेदार के पास कार्य किया था लेकिन अभी तक ठेकेदार ने उन्हें मजदूरी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि करीब एक लाख 70 हजार की राशि मजदूरों को नसीब नहीं हुई है। बार-बार ठेकेदार और विभाग से इस बारे में बात कर चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। मजदूरों ने कहा कि यदि ठेकेदार से राशि मांगने की बात करते हैं तो वह धमका रहा है।
विभाग नहीं दे रहा आरा मशीन लगाने की अनुमति
बनोह पंचायत के गांव का गावड़ा के नरेश कुमार ने कहा कि उन्होंने 2016 में आरा मशीन लगाने के लिए आवेदन किया था। उन्होंने बेवजह त्रुटियां लगा दीं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से बताया गया कि आरा मशीन से केवल 35 परिवार ही लाभान्वित होंगे जबकि यहां 400 परिवार रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह सभी नियम और शर्तों को पूरा करते हैं लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई।
जनमंच में 32 शिकायतें और 97 मांगे प्रस्तुत
दिग्गल जनमंच में 32 शिकायतें और 97 मांगें प्रस्तुत की गईं। 32 शिकायतों में से 27 और 97 मांगों में से 35 का मौके पर ही निपटारा किया गया। 11 जन्म प्रमाण पत्र, 15 हिमाचली प्रमाण पत्र, छह चरित्र प्रमाण पत्र, नौ आय प्रमाण पत्र, छह अन्य पिछड़ा प्रमाण पत्र बनाए गए। चार व्यक्तियों को परिवार रजिस्टर की नकल दी गई।
छह अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र, 11 अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, 15 हलफनामे तैयार किए गए। 101 इंतकाल भी किए गए। आधार कार्ड के लिए 27 लोगों का पंजीकरण किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 10 मामलों में कागजी कार्रवाई पूरी की गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष तथा पशु पालन विभाग ने निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए। जनमंच में 1700 से अधिक व्यक्ति उपस्थित रहे।