दिवाली को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर, तैयारी की शुरू
आपातकाल कक्ष में 24 घंटे ड्यूटी देंगे डॉक्टर, ऑनकाल भी रहेंगे
दावाइयों का कोटा भी पूरा, झूलसे रोगियों के लिए अलग वार्ड तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। दिवाली को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। इसके तहत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम का गठन कर दिया है। इसमें पटाखे से झुलसने व आपात स्थिति में अस्पताल में मरीजों को तुरंत इलाज मिलेगा। अस्पताल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, आपातकालीन कक्ष में टीम की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। दिवाली के दिन आपातकालीन कक्ष में छह चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि ऑनकाल भी चिकित्सकों को रहने के लिए कहा है। इसी के साथ पैरामेडिकल स्टाफ को भी रखा गया है। आपातकालीन कक्ष में दवाओं के स्टाक को भी अधिक मात्रा में रखने के आदेश जारी कर दिए हैं ताकि लोगों को तुरंत उपचार की सुविधा मिल सके। किसी भी अनहोनी से बचाव के लिए चिकित्सकों के साथ अस्पताल प्रशासन की बैठक भी हो चुकी है। गौर रहे कि दिवाली को लेकर सभी विभागों को अलर्ट किया गया है। वहीं स्वास्थ्य महकमे को भी कमर कसने के लिए कहा गया है। अस्पताल में पटाखों की चपेट में आकर झुलसे रोगी आपातकालीन कक्ष में इलाज के लिए आते हैंं। इसे देखते हुए अलग से टीम तैयार कर दी गई है। टीम को हर समय अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। अस्पताल में एक अलग से वार्ड भी तैयार किया गया है जहां पर झुलसे रोगियों का उपचार किया जाएगा। इस वार्ड में सभी आवश्यक दवाओं की आपूर्ति की गई है। वहीं ऑक्सीजन सिलिंडरों की आपूर्ति भी की गई है।
सांस की बीमारी से ग्रसित मरीजों के लिए भी बनाई टीम
सांस की बीमारी से ग्रसित अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को तुरंत उपचार देने के लिए भी अलग से टीम बनाई गई है। यह टीम भी 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेगी। खासकर दिवाली के दिन इस टीम को तैनात किया गया है। पटाखों के धुएं से सांस की बीमारी से ग्रसित मरीजों को काफी दिक्कत पेश आती है। ऐसे में मरीज अस्पताल पहुंचते हैं। इनके लिए भी वार्ड में ऑक्सीजन सिलिंडरों को सुरक्षित रखा गया है।
क्षेत्रीय अस्पताल प्रबंधन की बैठक हो गई है। दिवाली को लेकर चिकित्सकों की ड्यूटी लगा दी गई है। लोगों को कोई दिक्कत न आए इसके लिए सभी प्रबंध कर दिए गए हैं।
-डॉ. राकेश पंवार,चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन