बद्दी के हाऊसिंग बोर्ड में धड़ल्ले से हो रहा अवैध निर्माण। संवाद
हाउसिंग बोर्ड कालोनी में नियमों से अधिक ऊंची बना दी इमारतें
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नगर परिषद के वार्ड-9 में हिमुडा की ओर से बसाई रिहायशी कॉलोनियों में धड़ल्ले से अवैध निर्माण हो रहा है। नगर परिषद ने अवैध निर्माण करने वाले लोगों को नोटिस भी जारी किए हैं, बावजूद इसके अवैध निर्माण जारी है।
अवैध निर्माण को लेकर सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष आरबी सिंह ने नगर परिषद की हेल्पलाइन नंबर में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद के सहायक अभियंता ई राजेश चौधरी, कनिष्ठ अभियंता दीपक शर्मा मौका देखने पहुंचे। उन्होंने मौके पर पाया कि अवैध तरीके से भवनों का निर्माण कार्य किया जा रहा था। इस पर सहायक अभियंता ई राजेश चौधरी ने भवन मालिक को नोटिस जारी किया।
निरीक्षण करने के बाद सहायक अभियंता ने भवन मालिक को आदेश जारी किए कि कार्य बंद किया जाए और कार्यालय में आकर दस्तावेज दिखाएं, नहीं तो बिजली पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। उनके आदेशों को भी अनदेखा किया जा रहा है।
हिमुडा ने जो रिहायशी कॉलोनियां बसाई हैं उसमें नियमानुसार तीन मंजिल तक ही भवन बना सकते हैं। मकान के आगे तीन मीटर और पिछली तरफ दो मीटर जगह छोड़नी अनिवार्य है। नियमों को ताक पर रखकर अधिकतर भवनाें का निर्माण कार्य हो हो रहा है। अवैध निर्माण के चलते काॅलोनियों में रह रहे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं दिक्कतों की वजह से अधिकतर लोग यहां से पलायन कर चुके हैं।
इस बारे में हिमुडा के सहायक अभियंता ई राजेश चौधरी ने कहा कि अवैध निर्माण वालों को नोटिस जारी किया है। यदि वह काम बंद नहीं करते तो कार्रवाई की जाएगी।