परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू के साथ लगते आयशर गेट से टकसाल कॉलोनी के रास्ते में अवैध कब्जा कर बैठे लोगों पर हिमुडा ने कार्रवाई की है। कब्जाधारियों को सात दिनों का समय दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर कब्जाधारी सात दिनों में नहीं हटते हैं तो इन पर कार्रवाई की जाएगी। नोटिस मिलने से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
टकसाल गांव के लोगों की एंबुलेंस की पुरानी मांग पूरी नहीं हो रही थी। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने परवाणू जनमंच में मुद्दा उठाया था और जल्द मांग पूरी करने की मांग की थी। इस पर प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग को 15 दिन में कार्य पूरा करने के आदेश भी दिए थे।
इन आदेशों के बाद अब कार्रवाई शुरू हो गई है और अवैध कब्जा कर बैठे लोगों को हटने के निर्देश जारी किए हैं। नोटिस से स्पष्ट है कि यदि कोई सात दिनों में अवैध कब्जा नहीं हटाता तो हिमुडा पुलिस बल को मिलकर कार्रवाई करेगी। हाउसिंग बोर्ड ने आयशर फैक्टरी को भी जगह खाली करने का नोटिस जारी किया है।
उधर, हाउसिंग बोर्ड विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश ठाकुर ने बताया कि पिछले दिनों जनमंच से यह मांग उठाई गई थी। इस पर कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नोटिस दिए गए हैं। अतिक्रमण हटाने के लिए आयशर फैक्टरी को भी नोटिस दिया है। सभी को सात दिन का समय दिया है।