हिमाचल उत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या में शिमला के गायक अंकुश भारद्वाज और कांगड़ा के लोक गायक मोहित शर्मा के नाम रही।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल उत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या में शिमला के गायक अंकुश भारद्वाज और कांगड़ा के लोक गायक मोहित शर्मा के नाम रही। पठानकोट से आए गायक ऋषभ के पंजाबी नगमों से भी खूब रंग जमा। उन्होंने निबुंआ दे बागे कपडे़ मैं धौंआ, कालूआ मजूरा हो डेरा तेरा दूरा हो और पखला माणू खोदला पानी डर लगदा कांगड़ी गीत गाए। इसके बाद मंच पर आए अंकुश भारद्वाज ने सूफी गायकी से शुरुआत कर हिंदी और पंजाबी गीतों की लड़ी पेश की। इसके अलावा इंदु बाला, वंदना पंवार, लक्ष्मी दत्त और पूनम पंडित ने भी अपने तराने पेश किए। संध्या में एसजे डांसिंग जोन के शानदार नृत्य ने भी खूब समा बांधा। इमोरटल डांस ग्रुप और फिटनेस तथा डांस स्टूडियो के डासेंज भी सराहे गए।
राज्य स्तरीय गायन प्रतियोगिता का पहला राउंड भी बुधवार को हुआ। गायन प्रतियोगिता में जज के तौर पर जिया लाल ठाकुर और परविंद्र सिंह तथा गायक सोहन सिंह ने शिरकत की। अगला रांउड वीरवार देर रात को होगा। चौथी संध्या में स्कूली बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया था। ब्लोसम स्कूल रबौन, नव भारती पब्लिक स्कूल सोलन और बीएल स्कूल के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस प्रतियोगिता में निर्णायक के तौर पर प्रसिद्ध रंगकर्मी कुमारी सुनीता और मंजू भारद्वाज ने हुनर की परख की। प्रतियोगिता के परिणाम रविवार दो अक्तूबर को निकाले जाएंगे।
चौथी संध्या में मुख्य अतिथि के तौर पर सोलन के जाने माने सर्जन डॉ. संजय अग्रवाल और उनकी धर्मपत्नी सुनीत अग्रवाल ने शिरकत की। साईं संजीवनी नर्सिंग कॉलेज के संस्थापक डॉ. संजय अग्रवाल ने इस अवसर पर युवा मंडल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे इस प्रयास को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए हर संभव सहयोग देंगे। उन्होंने 14 सालों से अनवरत चल रहे हिमाचल उत्सव की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इनके साथ वशिष्ठ अतिथि तौर पर दतसन ऑफसेट प्रिंटर के एमडी विकास दत्ता, सिंगला बद्रर्स से श्याम सिंगला, समाजसेवी तरसेम भारती और पुष्पा वर्मा कांडा भी मौजूद रहे। इस मौके पर हिमाचल उत्सव की आयोजक संस्था डायनामिक इंडिया युवा मंडल के प्रधान पंकज सूद, उपप्रधान मुकेश शर्मा एडवोकेट, महासचिव कीर्ति कौशल, संयोजक रविंद्र पंवर सहित अंकुश सूद, संजीव वर्मा, रिपुदमन सिंह, नीरज गाजटा, नीरज वर्मा संजय भट्टी ने मेहमानों को सम्मानित किया।