सालों से साफ न हुए शहर के मुख्य पेयजल स्टोरेज टैंक की सफाई आखिरकार शुरू हो गई है।
- फोटो : अमर उजाला
सालों से साफ न हुए शहर के मुख्य पेयजल स्टोरेज टैंक की सफाई आखिरकार शुरू हो गई है। वीरवार को नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी (लेबर) 20 फीट गहरे और 85 फीट की गोलाई वाले टैंक में सफाई करवाने खुद उतरे। दुर्गंध और कीचड़ से अटे पड़े इस टैंक की हालत ऐसी थी कि मानों कभी यह टैंक साफ ही न हुआ हो। हैरत की बात है कि इसी टैंक से निकालकर पानी दो खुले टैंकों में छोड़कर क्लोरीनाइज्ड किया जाता है।
ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर की जनता को कैसा पानी पिलाया जा रहा था। उधर मौके पर जब आउटलेट से गंदा कीचड़ वाला पानी निकालने की कोशिश गई तो वह नाकाम रही। आउटलेट भी चॉक निकला। सुबह 10 बजे काम पर लगी लेबर 3 बजे आउटलेट को क्लीयर कर सकी। इसके बाद टैंक की सफाई का कार्य शुरू हुआ। शुक्रवार या शनिवार शाम तक टैंक को पूरी तरह साफ करने का दावा किया गया है।
पड़ताल में हुआ था खुलासा
अमर उजाला और प्रशासन की टैंक की सफाई से संबंधी पड़ताल आखिरकार रंग लाई है। प्रशासन के साथ की गई इस पड़ताल में नप अधिकारी टैंक की सफाई का रिकार्ड दिखाने में नाकाम रहे थे। खुलासा हुआ था कि सालों से टैंक साफ नहीं हुआ है। डीसी सोलन ने 48 घंटों के भीतर टैंक खाली करके सफाई के स्टैंडिंग आर्डर जारी किए। इस पर अमल करते हुए आईपीएच और नप के अधिकारियों संयुक्त रूप से कोशिश करके टैंक की सफाई शुरू कर दी है। वीरवार को सुबह नप के जेई बीएस ठाकुर और नप के एसडीओ नंदलाल मौजूद रहे। इसके बाद आईपीएच जेई प्रवेश की टीम ने डायवर्जन तैयार करके पानी मुख्य टैंक से एक टैंक में पानी भरा।
इस तरह होगी टैंक की सफाई
नप के जेई बीएस ठाकुर ने बताया कि टैंक की सफाई में दो दिन का समय लगेगा। इस दौरान आईपीएच विभाग द्वारा गिरि और अश्वनी से किए जाने वाले पानी की सप्लाई को अन्य दो छोटे टैंकों में स्टोर किया जाएगा। टैंक से पहले गंदा पानी निकाल कर टैंक को सुखाया जाएगा। इसके बाद टैंक में जमी काई और पपड़ियों को भरा जाएगा। इस दौरान टैंक को अंदर से सफेदी का कार्य भी किया जाएगा। इसके बाद एक बार फिर मुख्य टैंक में गिरि और अश्वनी से मिलने वाले पानी का भंडारण किया जाएगा।
तय मानकों के तहत साफ होगा टैंक
डीसी डॉ. राकेश कंवर ने कहा कि टैंक की सफाई को लेकर प्रशासन गंभीर है। सफाई कार्य पर प्रशासन निगाह रखे हुए हैं। टैंक को बेहतर और तय मानकों के तहत साफ किया जाएगा। लोगों को साफ और स्वच्छ पानी मुहैया होगा। कहा कि जल्द ही खुले टैंकों को ढकने की कवायद भी शुरू की जाएगी। शहर में वाटर सेफ्टी को लेकर प्रशासन गंभीर है। व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर कड़े कदम उठाए जाएंगे।