बद्दी साईं मार्ग पर बिलांवाली सड़क के मुहाने पर पड़ी गंदगी। संवाद
बद्दी(सोलन)। जेबीआर कंपनी के कामगारों के हड़ताल पर जाने से बीबीएन में पिछले चार दिनों से कूड़ा नहीं उठा है। ऐसे में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए है। कंपनी के कुछ कामगार काम छोड़ कर चले गए हैं और जो बचे है उन्होंने पिछले चार दिनों से कूड़े को हाथ नहीं लगाया है।
जब से जेबीआर कंपनी ने बीबीएन में कूड़ा उठाने का कार्य लिया है तभी यह समस्या पैदा हो गई है। बद्दी साई मार्ग, भटोली कलां रोड़, रेड लाइट चौक, ट्रक यूनियन के समीप और बाईपास रोड़ पर सड़क के किनारे कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। पुरानी और नई सब्जी मंडी में इतना कूड़ा जमा हो गया है कि इस क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है। बद्दी साई मार्ग पर बिलांवाली को जाने वाले मार्ग के मुहाने पर पिछले चार दिन से कूड़े का ढेर लगा है जिससे यहां पर अपनी रोजी रोटी के लिए रेहड़ी लगाने वाले हृदयानंद, संज, सुनीत कुमार, सुरेश कुमार ने बताया कि कूड़े और गंदगी के चलते उनके पास कोई ग्राहक नहीं आ रहा है।
जूस की दुकान चलाने वाले सुरेश ने बताया कि कूड़े के कारण उनके जूस की विक्री 20 फीसदी ही रह गई है। यही हाल बिलांवाली गांव का हो गया है। गांव में जगह-जगह पड़े कूड़े से लोगों को गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। लाज धर्म कांटा के प्रबंधक अनु पठानिया ने बताया कि गंदगी के चलते उन्हें अपने कार्य करने में काफी कठिनाई हो रही है।
उधर, नगर परिषद की ईओ ललित कुमार ठाकुर ने बताया कि जेबीआर कंपनी के कामगारों ने हड़ताल की है। उसके बाद कुछ कामगार ड्यूटी पर नहीं आए और जो आए है वह काम नहीं कर रहे हैं। इसके बाद कंपनी के एमडी ने यहां पर चरणदास को कूड़ा उठाने का कार्य सौंपा है। नया ठेकादार सोमवार से कार्य शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि कंपनी के कामगारों की लापरवाही के चलते सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। सोमवार से ठेकेदार बदलने पर सफाई व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद है।