विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच, जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां भी बांटी
बद्दी (सोलन)। दून विधानसभा क्षेत्र के कुठाड़ स्थित कृष्णगढ़ पब्लिक स्कूल में पाइनग्रोव स्कूल के सौजन्य से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। आस्मान सामाजिक सेवा’ के तहत आयोजित शिविर में करीब 120 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। एमएमयू कुमारहट्टी, पार्क अस्पताल और मैक्स अस्पताल चंडीगढ़ के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की रक्तचाप, शुगर, आंख, कान, दंत, स्त्री रोग, हृदय और हड्डियों से संबंधित जांच की। जरूरतमंद लोगों को जांच के बाद निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए जागरूक किया। आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके घर के समीप विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर लगाया गया। स्थानीय लोगों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए ऐसे आयोजन भविष्य में भी जारी रखने की आवश्यकता जताई। संवाद