सोलन। बद्दी की एक कंपनी में बनने वाली देसी शराब सेहत बिगाड़ सकती है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बद्दी में चल रही एक कंपनी में बनाई जा रही शराब के तीन सैंपल भरे थे जो फेल हो गए। इसके अलावा अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल भी फेल हुए हैं। विभाग ने कंपनियों को नोटिस भेज 15 दिन के भीतर जवाब मांगा है। वहीं विभाग ने हाल ही में अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल भी भरे हैं जिन्हें जांच के सीटीएल कंडाघाट भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने बीते दिनों बद्दी में कई प्रकार के खाद्य पदार्थ बनाने वाली कंपनियों से सैंपल भरे थे। इस दौरान टीम ने देशी शराब समेत जीन, शहद, रेड चिल्ली सॉस और नूडल्स के सैंपल जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजे थे। यहां से तीन देसी शराब, एक जिन और शहद के दो सैंपलों के फेल होने की रिपोर्ट पहुंच गई है। रेड चिल्ली सॉस और नूडल्स के एक-एक सैंपल की रिपोर्ट पहुंचना बाकी है।
जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि जिले से भरे देसी शराब, जिन, शहद के सैंपल फेल हुए हैं। विभाग ने इन कंपनियों को नोटिस भेज जवाब मांगा है।