Five year old girl died of drowning in Kanaghyalag in Dharampur area
सोलन। टैंक में डूबने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मामला कोरोकैंथड़ी के गांव कानाध्यालग का है। जानकारी मिलने पर परिजनों ने बच्ची को सीएचसी धर्मपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोरोकैंथड़ी के गांव कानाध्यालग में ललित कुमार की पांच वर्षीय बेटी घास लेने के लिए अपनी मां के साथ गई थी। इस बीच वह साथ लगते अपनी बुआ के घर आ रही थी कि घासनी के साथ लगते टैंक में गिर गई।
देर शाम तक जब वह घर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी खोज शुरू की। जब परिजन टैंक की तरफ पहुंचे तो पानी पर उसकी चप्पलें तैरती हुई दिखाई दीं। टैंक में खोजा तो बच्ची उसके अंदर मिली। इसके बाद उसे परिजन धर्मपुर अस्पताल ले गए।
यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की पुष्टि थाना प्रभारी धर्मपुर राकेश रॉय ने की है।