संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी की चार कंपनियों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के फर्जी एनओसी देने वाली आकाश कंसलटेंसी कंपनी ने भुड गांव स्थित एक और कंपनी को फायर का भी फेक एनओसी दिया है। कंपनी संचालक ने इस बारे में बद्दी पुलिस को पत्र लिखकर बताया है।
बद्दी की चार फार्मा कंपनियों को फर्जी डिजिटल साइन के आधार पर फेक एनओसी दिलाने वाली आकाश कंसलटेंसी कंपनी ने भुड स्थित एक रबड़ बनाने वाली कंपनी को फायर का एनओसी दिलवाया है। चार कंपनियों का फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद रबड़ बनाने वाली कंपनी ने पुलिस को पत्र लिखकर बताया है।
बद्दी-साई मार्ग पर स्थित आकाश कंसलटेंसी कंपनी नई कंपनियों को एनओसी दिलाने का कार्य करती है। भटोली कलां की हाइजीन एयरटेक इंडिया कंपनी के बाद ज्वाइंट पोली पैक, मौर्या पोलीमर और केसी पैकेजिंग कंपनी के भी एनओसी फर्जी पाए गए हैं। इन सभी कंपनियों को आकाश कंसलटेंसी कंपनी ने ही एनओसी दिलाए थे। इन सभी कंपनियों ने एनओसी लेने का दावा कर अपने कागजात कार्यालय में प्रस्तुत किए लेकिन चारों कंपनियों के कागजात फर्जी पाए गए।
आकाश कंसलटेंसी कंपनी के संचालक ने सरकार को बिना फीस जमा किए ही इन कंपनियों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के फर्जी एनओसी दिला दिए थे। अब भुड गांव में स्थित रबड़ बनाने वाली कंपनी ने फायर के फेक एनओसी के होने के भय से पुलिस में शिकायती पत्र दिया है।
उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि कंपनी की ओर से शिकायती पत्र मिला है। आकाश कंसलटेंसी के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज है। इस नए मामले को भी इसी में जोड़ कर छानबीन की जा रही है।