रामशहर (सोलन)। आदर्श विद्यालय रामशहर में सात दिवसीय एनएसएस शिविर समाप्त हो गया। शिविर में 29 छात्रों और 21 छात्राओं ने भाग लिया। समापन पर पंचायत प्रधान कृष्णा शर्मा और सेवानिवृत्त बीआरसी एनडी शास्त्री मौजूद रहे। दीपक शर्मा और दीपिका ठाकुर को बेस्ट वालंटियर चुना गया।
शिविर प्रभारी मुकेश कुमार व चंचला ठाकुर ने मुख्यातिथि के समक्ष सात दिन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। स्वयंसेवियों ने दूर गांव और स्कूल कैंपस की सफाई की। स्रोत व्यक्तियों ने शिविर के दौरान स्वयंसेवियों को स्वच्छता, खेलकूद, योग, अध्यात्मिक ज्ञान, रसायन विज्ञान और मातृ भाषा हिंदी के बारे में जानकारी दी गई। एनडी शास्त्री ने सामाजिक कुरीतियों और मादक पदार्थों से दूर रहने की हिदायत दी।
शिविर के दौरान रस्साकसी, ऊंची कूद और अन्य खेल गतिविधियों में अव्वल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने मुख्यातिथि का बच्चों को मार्ग दर्शन करने पर धन्यवाद किया। बेस्ट वालंटियर दीपक शर्मा और दीपिका ठाकुर को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रवक्ता सुनीता गौतम, हरिराम ठाकुर, ईश्वर दास आदि उपस्थित रहे।