बीबीएन में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। पहले हादसे में बद्दी थाना के तहत ट्रक चालक ने बिहार के 10 साल के मासूम को ट्रक के नीचे कुचल दिया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे में चार अन्य बच्चे ट्रक की चपेट में आने से बाल-2 बच गए। बरोटीवाला पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के तहत शनिवार को नीतिश पुत्र भानु पासवान मूल निवासी बिहार हाल निवासी बरोटीवाला झुग्गी एरिया अपने अन्य दोस्तों के साथ सड़क पर जा रहा था। इस दौरान हरिपुर पेपर मिल के पास हरिपुर की ओर से आ रहे सीमेंट से लदे एक ट्रक ने नीतिश को अपनी चपेट में ले लिया। एसपी बद्दी बशेर सिंह ने इसकी पुष्टि की। जबकि दूसरे हादसे में साईं रोड बद्दी पर रात के समय शराब के नशे में धुत एक ऑटो चालक ने राह चलते व्यक्ति को टक्कर मार दी।
उसके बाद राहगीर को चंडीगढ़ ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस मृतक की पहचान नहीं कर पाई है। हादसे में शराबी ऑटो चालक को भी चोटें आने के कारण बद्दी सीएससी में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे साईं रोड पर वर्धमान के पास ऑटो नंबर एचपी 59-0389 के चालक मंगा उम्र 35 पुत्र लीलू गांव केडी जिला बलिया यूपी नशे में धुत होकर राह चलते व्यक्ति को टक्कर मार दी।
इस दौरान ऑटो भी सड़क पर पलट गया जिससे चालक को चोटें आई हैं। इस संबंध में पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी बददी बशेर सिंह ने इसकी पुष्टि की। मेडिकल में शराब सेवन की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार चालक के पास ऑटो चलाने का अधिकृत लाइसेंस मौजूद नहीं था। यही नहीं चालक ऑटो का मालिक भी नहीं है। गौरतलब है कि प्रशासन की ओर से स्वरोजगार के मद्देनजर ऑटो चलाने का परमिट दिया जाता है। इसके विपरीत बद्दी में ऑटो मालिक दोहरी कमाई के चक्कर में भाड़े पर अपना ऑटो शहर में दौड़ा रहे हैं। इस कारण इस प्रकार के हादसे हो रहे हैं।