कालका- शिमला नेशनल हाईवे पर धर्मपुर के पास पट्टा मोड़ पर एक एचआरटीसी बस और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के वक्त युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस का कहना है कि अगर हेलमेट पहना होता तो युवक की जान बच सकती है। घायल को धर्मपुर अस्पताल लाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके का दौराकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जितेंद्र कुमार (23) वर्ष निवासी कसौली अपने दोस्त सुनील निवासी ठियोग के साथ जिला शिमला की ओर जा रहा था। जैसे ही वह धर्मपुर से थोड़ा आगे पट्टा मोड़ पर पहुंचे तो दूसरी दिशा से आ रही हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस के साथ टक्कर हो गई, जिसमें दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। लोगों ने दोनों को तुरंत पीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जितेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया और सुनील को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सपुर्द कर दिया है। प्रमोद चौहान डीएसपी परवाणू ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। बताया कि प्रारंभिक चरण की जांच में पाया गया है कि हादसा बाइक सवार की गलती से हुआ है। बाइक चालक जितेंद्र (23) ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों खासकर युवाओं से हेलमेट पहनकर बाइक चलाने की अपील की है।
डेढ़ घंटे सवारियां रहीं परेशान
बस शिमला से चंडीगढ़ जा रही थी। हादसे के बाद करीब डेढ़ घंटे तक सवारियां परेशान रहीं। कुछ अन्य बसों को पकड़कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। तो कुछ लिफ्ट लेकर पहुंचे। उधर इस घटना के बाद कसौली के गांव में मातम का माहौल है।