बद्दी में दो साल से नशेड़ियों को चरस मुहैया करवा रहे एक सिक्योरिटी गार्ड को बद्दी जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने रंगे हाथ 114 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी अजय शर्मा पुत्र रिखी राम शर्मा गांव चौंतड़ा पोस्ट ऑफिस मेहर तहसील एवं जिला हमीरपुर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी गुल्लरवाला स्थित धागा उद्योग से एक सौ मीटर की दूरी पर चरस की सप्लाई देने की फिराक में था। सूचना के तहत आरोपी अजय छह साल से धागा उद्योग में काम कर रहा है और दो सालों से बद्दी में चरस के कारोबार को चला रहा था। आरोपी उद्योग में भी कामगारों को नशे की सामग्री उपलब्ध करवा रहा था।
चरस के इस मामले ने एक बार फिर प्रदेश के बार्डर पर पुलिस की तस्करों पर ढीली पकड़ को साबित किया है। नशे के सौदागर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से बैठकर औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के उद्योगों, ट्रक, पिकअप यूनियनों, चालकों, स्कूल-कॉलेजों तथा निजी विश्व विद्यालयों तक आसानी से चरस, गांजा, अफीम और नशीली दवाओं को बेचा जा रहा है। अपराधियों पर लगाम कसने के मामले में पुलिस केवल छोटे सप्लायरों को ही गिरफ्तार करने तक सीमित रह चुकी है।
नशे पर लगातार हो रही कार्रवाई
एसपी बशेर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि थानों में विशेष टीमें बनाई गई हैं। एसआईयू को भी इसके लिए अलर्ट पर रखा है। कहा कि इस साल पुलिस ने एनडीपीएस के मामलों में दो गुना तक बढ़ोतरी की है।