बीबीएन में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों को लेकर कॉलेज छात्रों ने रोष जताया है। पीजी कॉलेज नालागढ़ के विद्यार्थियों ने रोष रैली निकालकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिस से शहर में बढ़ रहे क्राइम पर अंकुश लगाने की मांग की है।
रोष रैली में विद्यार्थियों ने जमकर नारेबाजी की। रैैली पीजी कॉलेज से शुरू होकर शहर के बाजारों से होती हुई एसडीएम कार्यालय परिसर में संपन्न हुई, जहां छात्रों ने एसडीएम नालागढ़ के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा।
इसमें उन्होंने मांग की है कि ऐसे मामलों पर अंकुश लगाया जाए। इस मौके पर अमरजीत, बलविंद्र, अरुण, तरनजीत, धरीति गौतम, रूबल, प्रिया, नरेंद्र सिंह, अनीता, प्रीती, हरिंद्र, शालिनी, अजय, अंजलि, शालू, योगिता, रविंद्र और अनीता सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।
बढ़ रहे रेप महिलाओं से छेड़छाड़
शहीद भगत सिंह ग्रुप के प्रधान दर्शन सिंह, छात्रा नैंसी, प्रीति ने कहा कि बीबीएन में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, रेप और हत्याओं के मामले बढ़ते जा रहे है। दर्शन सिंह ने कहा कि हाल ही में बददी में एक सात वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई जिससे देवभूमि शर्मसार हुई है। उन्होंने मांग की है कि ऐसे आरोपियों को फांसी की सजा होनी चाहिए। एसडीएम आशुतोष गर्ग ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की है।
नालागढ़ में मदरसे से छात्र गायब
नालागढ़ (सोलन)। मगनपुरा के 14 वर्षीय छात्र सूरज खान के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्र नालागढ़ के एक मदरसे में नौंवीं कक्षा में पढ़ता है। विद्यार्थी के पिता काबल खान ने बताया कि मंगलवार 21 फरवरी को स्कूल प्रबंधन से फोन के माध्यम से सूचना मिली की सूरज खान स्कूल में नहीं है और वह कहीं चला गया है। इस पर उन्होंने अपने सगे संबंधियों दोस्तों से पूछताछ की लेकिन उसका कहीं भी सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना नालागढ़ थाने में दी गई। धर स्कूल प्रबंधन का कहना है कि 21 फरवरी मंगलवार सूरज खान स्कूल से अचानक कहीं चला गया। इसकी सूचना उनके परिजनों को दे दी गई थी। नालागढ़ थाना प्रभारी कमलचंद ने बताया की पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ओर कई टीमें लड़के की छानबीन के लिए भेजी गई है