चरस के साथ नेपाल में पकड़ा साधु। बोला सोलन में बेची है चरस।
- फोटो : demo
नेपाल के पोखरा हवाई अड्डे से पकड़े एक साधु ने सुरक्षा एजेंसियों के समक्ष सनसनीखेज खुलासे कर सोलन जिला को सुर्खियों में ला खड़ा किया है। साधु के वेश में गिरफ्तार इस व्यक्ति से नेपाल पुलिस ने 840 ग्राम चरस पकड़ी है। यह चरस आरोपी ने एक गिटार में डाल रखी थी।
सुरक्षा बलों के मुताबिक साधु ने कहा है कि वह हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में 12 साल तक रहा है तथा वहां उसने स्कूली बच्चों से लेकर कॉलेज के छात्रों तक को चरस सप्लाई की है। ऑस्ट्रिया जाने की तैयारी कर रहे विदेशी के पास मौजूद गिटार में चरस भरी हुई थी। कस्टम और नेपाल पुलिस ने यह कार्रवाई मंगलवार रात की।
पोखरा पुलिस उपाधीक्षक जय शंकर न्यौपाने ने बताया कि गिरफ्त में आए ऑस्ट्रिया के नागरिक का नाम रोवर्ड पुस रलिलदे है। शक होने पर तलाशी ली तो उसके पास मौजूद गिटार में से 840 ग्राम चरस मिली। चरस को सिल्वर फॉइल के नौ पैकेटों में बांटा था। पूछताछ में उसने साधु बनकर 12 साल सोलन (हिमाचल प्रदेश) में रहने की बात स्वीकार की।
यह भी कबूला कि वहां वह स्कूली बच्चों से लेकर कॉलेज के विद्यार्थियों तक चरस की सप्लाई करता था। चरस जुटाने के सिलसिले में नेपाल आना हुआ तो पोखरा में रहने का ठिकाना बना लिया और एक नेपाली युवती से शादी कर ली। पूछताछ में उसने पाकिस्तान से भी चरस की खेप लाने की बात स्वीकार की है।
बताया कि पकड़ी गई चरस को ऑस्ट्रिया ले जाने में कामयाब होने पर उसे नेपाली करेंसी में आठ रुपये की आमदनी होती। नेपाल पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े और लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
एसपी अंजुम आरा ने कहा कि नेपाल पुलिस ने ऐसी कोई जानकारी यहां नहीं दी है। कहा कि अगर कोई सूचना आती है तो इस आधार पर छानबीन की जाएगी।