कंडाघाट-चायल मार्ग पर कोहारी क्षेत्र के समीप वाहन की टक्कर से हुई बाइक सवार युवक की मौत के आरोपी चालक को पुलिस ने वाकनाघाट से पकड़ लिया है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अटेंप्ट टू मर्डर के अलावा 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर ट्रक को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जानकारी के अनुसार अज्ञात ट्रक चालक को पुलिस ने ट्रक के हुलिए से पकड़ा है। इसमें पुलिस ने मृतक युवक के साथ घायल युवक का बयान लिया था। जिसमें उसने ट्रक के हुलिए के बारे में पुलिस को बताया। पुलिस ने बयान के आधार पर इस तरह के ट्रकों की जांच शुरू कर दी।
वहीं इस ट्रक को पुलिस ने टायर की रगड़ व ट्रक पर मिले निशान के आधार पर कब्जे में लिया। पुलिस ने ट्रक चालक स्वर्ण सिंह निवासी नादौन हमीपुर को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि थाना प्रभारी डीएस ठाकुर ने की।