जुलाई माह में एक मामले में पीड़ित की सुनवाई पर गौर न करने वाली पुलिस को अब कोर्ट के आदेशों पर उसी मामले में 9 लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करना पड़ा है। रामशहर के कामल निवासी एक व्यक्ति ने 9 लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। यह मामला जुलाई में थाने में दर्ज कराया था, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित व्यक्ति ने अदालत में गुहार लगाई जिस पर कोर्ट ने रामशहर थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ 147, 148, 149, 341, 323, 504 व 506 के तहत मामला दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कामल निवासी नीरजपाल ने बताया कि 7 जुलाई को वह दिगल से सामान खरीदने के बाद घर जा रहा था। जैसे ही वह दिगल बस अड्डे पर पहुंचा तो लड़ेच निवासी विपन, सुरेश कुमार, कमलजीत, हेमराज, पपू व खेम चंद अपने तीन अन्य साथियों के साथ आए और उसका रास्ता रोकर उसे लातों-मुक्कों व डंडों के साथ मारपीट की। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया, लेकिन जाते समय उन लोगों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने पुलिस को सूचना दी तो उसे जान से मार देंगे।
उसने रामशहर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आज तक कोई कर्रवाई नहीं हुई। इस पर उसे कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसकी छानबीन की जा रही है। एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि यह मामला चार जुलाई का है और पुलिस ने इसमें उस समय भी कार्रवाई की थी, लेकिन मेडिकल में कोई चोट नहीं आई थी, पुलिस दोबारा इसकी जांच करेगी।