सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बद्दी के चौकीदार को कमरे में बंद कर गुंडा तत्वों ने वहां खड़ी बाइक को तोड़ डाला। गुंडा तत्वों ने रात करीब 12.55 बजे स्कूल के कमरे में कुंडी लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया। चौकीदार के साथ कमरे में इस दौरान स्कूल के लिपिक स्टाफ से मखन सिंह भी मौजूद थे।
स्कूल चौकीदार अम्मी चंद ने बताया कि रात के समय जब वह परिसर का चक्कर लगाकर अपने कमरे में पहुंचकर हीटर सेंक रहा था तो उसी दौरान किसी ने दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद उसे बाइक तोड़ने की आवाजें सुनाई दीं। जब वह कमरे के पीछे की ओर लगे दूसरे दरवाजे से बाहर निकला तो दो लोग उसकी बाइक को तोड़कर वहां से फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण वह उन्हें पहचान नहीं पाया।
चौकीदार ने बताया कि इस संबंध में स्कूल प्रबंधन को शिकायत दी है। चौकीदार एक माह पहले ही बद्दी स्थानांतरित हुआ है। उपशिक्षा निदेशक राकेश भारद्वाज ने कहा कि उन्हें इसकी सूचना नहीं मिली है अगर ऐसा हुआ है तो इसकी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।
पहले भी टूट चुके हैं खिड़कियों के शीशे
बद्दी के सरकारी स्कूल में कुछ माह पूर्व ही साइंस ब्लॉक की सभी खिड़कियों के शीशों को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया था। मामले में पुलिस थाना में शिकायत के बाद भी इस घटना को अंजाम देने वालों की भनक नहंीं लग पाई थी। अब दोबारा असामाजिक तत्वों की इस गुंडागर्दी ने शहर की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।