बद्दी (सोलन)। औद्योगिक हब बीबीएन के कोटला स्थित कोसमॉस फार्मा उद्योग से चोरी के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। हालांकि चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ करने में जुटी है, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। इस मामले की तफ्तीश के लिए डीएसपी बददी राहुल शर्मा ने बददी को उद्योग का दौरा भी किया और साक्ष्य जुटाते हुए वहां पूछताछ भी की है। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के पास कोटला स्थित कॉसमोस फार्मास्यूटिकल उद्योग में शनिवार रात्रि को उद्योग की दीवार फांद कर आठ लोगों द्वारा उद्योग के स्टेार रूम का शीशा तोड़ कर कच्चे माल को आठ दस बोरियों में बांधकर उड़ा लिया। तीन घंटे तक इस चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
चोरों ने उद्योग में चार जगह शीशे तोड़े और दो लोहे के गेट भी उखाड़े तथा उद्योग की पिछली दीवार से सारा सामान बाहर निकाला। अफरातफरी में यह लोग कच्चे माल का एक ड्रम दीवार पर ही छोड़ गए है। डीएसपी राहुल शर्मा ने कहा कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच में जुटी है, वहीं पड़ोसी राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर उन्हें सीसीटीवी फुटेज के फोटो भेजे हैं। कहा कि मामले की जांच के लिए उन्होंने उद्योग का दौरा कर भी छानबीन की है और जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।