नालागढ़ (सोलन)। शराब ठेके पर सेल्जमैन पर एक फौजी ने गोलियां दाग दीं। पहली गोली चलने के बाद सेल्जमैन छिपकर बैठ गया। दूसरी गोली चलने के बाद उसने मदद के लिए चीख पुकार की और लोगों के पहुंचने पर उसकी जान बची। मालूम हुआ है कि फौजी ने दो राउंड फायर किए हैं।
पुलिस शिकायत में रवि कुमार पुत्र रामलोक निवासी गांव बैहली डाकघर खिल्लियां तहसील नालागढ़ ने बताया कि वह ठेके मेें बतौर सेल्जमैन कार्य करता है। सोमवार देर शाम गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जो रैक के एंगल में जाकर लगी। घबराकर वह फ्रिज के पीछे छिप गया। इतने में दोबारा गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जो दीवार पर लगी। मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। बाहर आकर मालूम हुआ कि गोलियां गुरनैक सिंह उर्फ नेकी जो फौजी है और जोघों गांव का निवासी है, ने उसे जान से मारने की नीयत से चलाई हैं। एएसपी एनके शर्मा ने कहा कि पुलिस ने जान से मारने के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।