सलोगढ़ा के पास नाके पर चढ़ा हत्थे
पीठू बैग में चरस लेकर जा रहा था आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन।
पुलिस ने एक व्यक्ति को सात किलो 250 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार देर रात नाके के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान भीम सेन खतरी निवासी नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस टीम देर रात करीब साढ़े दस बजे चंबाघाट, बरूरी और सलोगढ़ा में गश्त पर थी। इस दौरान भीम सेन सलोगढ़ा की ओर से एक पीठू बैग उठाकर पैदल आता दिखाई दिया।
पुलिस की गाड़ी देखकर वह तेज-तेज भागने लगा और छुपने के लिए सड़क से नीचे जाने की कोशिश कर रहा था। शक के आधार पर उसके बैग की तलाशी ली तो बैग से 17 प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए। इसमें आरोपी ने चरस बंद कर रखी थी। पुलिस ने जब इसका वजन किया तो यह 7 किलो 250 ग्राम पाई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी मोहित चावला ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस चरस तस्करी के नेटवर्क को तोड़कर रहेगी।