अर्की (सोलन)।
उपमंडल में 26 चीड़ के पेड़ काटने के मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। वन विभाग और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश कर रही है। लेकिन एक भी आरोपी का पता नहीं चल पाया है। मामला दर्ज हुए तीन दिन हो चुके हैं। वन विभाग ने लकड़ी को कब्जे में ले लिया है।
गौरतलब है कि अर्की उपमंडल में अज्ञात लोगों ने चीड़ के 26 पेड़ों को काट डाला था। वन विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। विभाग की टीम ने काटे पेड़ों को कब्जे में ले लिया और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। अभी तक इस मामले का कोई भी सिरा दोनों विभागों के पास नहीं लगा है। पुलिस के अनुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी जयनगर सत्यदेव शर्मा ने अर्की थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्हें अपने कर्मचारियों से ज्ञात हुआ कि अज्ञात लोगों ने सरकारी भूमि पर 26 पेड़ चील के काटे हैं। पुलिस ने आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। परंतु इस मामले में पुलिस को अभी तक कोई भी सुराग नहीं मिला। न किसी भी व्यक्ति को पकड़ने में सफलता प्राप्त हुई।
पुलिस कर रही छानबीन : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी अर्की गंगा देव नेगी ने बताया कि छानबीन अभी जारी है। लेकिन किसी भी व्यक्ति की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस जल्द ही इस मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
लकड़ी कब्जे में ली : विभाग
जयनगर के वन परिक्षेत्र अधिकारी सत्यदेव शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर लकड़ी को कब्जे में ले लिया था। 10 से 12 इंच के 14 पीस हैं। इस मामले में आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है।