पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम,
गिरफ्तारी न हुई तो तेज होगा आंदोलन
बावा पर जानलेवा हमले के विरोध में मुंह पर काली पट्टी बांध कर समर्थकों ने परवाणू में निकाली रैली
परवाणू में तय समय सीमा के भीतर आरोपी गिरफ्तार न हुए तो प्रदेश स्तर पर होगा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। इंटक प्रदेशाध्यक्ष बावा हरदीप सिंह पर जानलेवा हमला होने व उसके बाद आरोपियों के अभी तक पकड़े न जाने से नाराज बावा समर्थकों और इंटक यूनियन के पदाधिकारियों ने परवाणू में प्रदर्शन किया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन में सभी मुंह पर काली पट्टी बांध कर सड़क पर उतरे और सहायक आयुक्त परवाणू के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में 72 घंटों में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मोहलत तय की गई है। बावा समर्थकों का कहना है कि यदि 72 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार न हुए तो आंदोलन प्रदेश स्तर तक फैल जाएगा। इसकी जिम्मेवारी सरकार और प्रशासन की होगी। प्रदेश इंटक अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह पर हुए जानलेवा हमले के बाद मामले में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर इंटक की ओर से शुरू किए गए संघर्ष में अन्य ट्रेड यूनियनें भी खुलकर सामने आ गई हैं। शनिवार को परवाणू में प्रदेश भर से एकत्रित विभिन्न ट्रेड यूनियनों के नेताओं ने इंटक के प्रदेश महासचिव सीताराम सैनी के नेतृत्व में रोष रैली निकाली। रैली में इंटक, सीटू व एटक से जुड़े मजदूर नेताओं, ट्रक-कैंटर और पिकअप यूनियन के ऑपरेटरों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। बावा पर हमले व आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी न होने के विरोध में भारतीय मजदूर संघ को छोड़कर बाकी सभी ट्रेड यूनियन एक मंच पर आ गई हैं। शनिवार को परवाणू के गैब्रियल रोड में आयोजित एक बैठक के दौरान सभी ट्रेड यूनियनों के प्रदेश स्तरीय नेता एक मंच पर साथ साथ दिखे।
ये नेता रहे विरोध में शामिल
इंटक के प्रदेश महासचिव सीता राम सैनी की अगुवाई में आयोजित इस बैठक में सीटू के प्रदेश महासचिव प्रेम गौतम, राज्य उपाध्यक्ष बिहारी सहयोगी, किसान सेल के अध्यक्ष प्यारे लाल, एटक के प्रदेश उपाध्यक्ष अलोक, जिला सोलन अध्यक्ष सतीश, इंटक के उपाध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर, इंटक के प्रदेश महासचिव कामरेड जगत राम शर्मा, सुभाष शर्मा, ठाकुर दास शर्मा, सचिव प्रेम भाटिया, प्रदेश महिला इंटक अध्यक्ष लीला शर्मा, उपाध्यक्ष जय माला, प्रदेश युवा इंटक अध्यक्ष यशपाल ठाकुर समेत बड़ी संख्या में ऑपरेटर व लोग उपस्थित थे।
अपराध करके मंत्रियों की कोठी में शरण ले रहे अपराधी
कामरेड जगत राम ने वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की इस मामले में ढुलमुल कार्रवाई के चलते जमकर कोसा। इंटक के प्रदेश महासचिव जगत राम ने तो प्रदेश सरकार व उनके मंत्रियों पर जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मंत्रियों की शह के चलते प्रदेश में कानून व्यवस्था दांव पर लग गई है। आलम यह है कि अपराधी अपराध करके मंत्रियों की कोठी में शरण ले रहे हैं। बावा पर हुए हमले के बाद आरोपियों का खुले में घूमना इस बात का सबूत है की यह सब स्थानीय मंत्री व स्थानीय भाजपा महिला नेता के इशारे पर हो रहा है।
मंत्री डॉ. राजीव सैजल के प्रति ऑपरेटरों में रोष
बैठक के दौरान शुक्रवार की तरह एक बार फिर ऑपरेटर्स ने मंत्री डॉ. राजीव सहजल, प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बैठक में यशपाल ठाकुर समेत अन्य वक्ताओं ने आरोप लगाया कि यह सब इन दोनों के इशारों पर हो रहा है। ट्रेड यूनियनों के नेताओं के साथ स्थानीय ट्रक, कैंटर व पिकअप यूनियन के ऑपरेटर प्रदर्शन में शामिल रहे।