अर्की (सोलन)। उपमंडल में पुलिस ने तंबाकू उत्पादों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। वीरवार को शिक्षण संस्थानों के आसपास की दुकानों में दबिश देकर पुलिस की टीम ने दुकानदारों को तंबाकू उत्पाद बेचते रंगे हाथ पकड़ा। इस दौरान दुकानदारों से पॉलिथीन भी बरामद हुए। इसमें कई दुकानदारों को जुर्माना ठोंका है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अर्की, दाड़लाघाट और बागा में पुलिस की टीमों ने अर्की, बागा, कुनिहार तथा दाड़लाघाट बाजार में दुकानों में चेकिंग की। यह निरीक्षण अभियान डीएसपी दाड़लाघाट अमित शर्मा के नेतृत्व में पूरा किया गया तथा तीनों स्थानों पर थाना प्रभारियों को साथ लिया गया। डीएसपी अमित शर्मा ने बताया कि दाड़ला में स्कूलों के समीप तंबाकू उत्पाद बेचने पर दो दुकानदारों को, अर्की में एक दुकानदार का चालान किया गया। इनसे 600 का जुर्माना वसूल किया है। दाड़लाघाट में चेकिंग के दौरान गुटका और खैनी के करीब 1000 पाउच तथा अर्की में 25 पाउच बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अर्की में पॉलिथीन का इस्तेमाल किए जाने पर एक दुकानदार का चालान करके 500 रुपये जुर्माना किया गया। उपमंडल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करते हुए तीन मामले पाए गए। इन्हें 500 रुपये जुर्माना किया गया। बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष चेकिंग की जाएगी।