अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। सोशल नेटवर्किंग साइट के माध्यम से नौकरी दिलाने वाली एक कंपनी ने एक युवती से रजिस्ट्रेशन समेत अन्य कई कामों के लिए पैसे ऐंठ लिए और युवती को नौकरी भी नहीं दी। युवती जब अपने आप को ठगा महसूस करने लगी तो इसकी शिकायत नालागढ़ पुलिस थाना में दर्ज करवाई। युवती का कहना है कि उससे नौकरी देने के नाम पर कई बार कागजात फीस और रजिस्ट्रेशन और ऑनलाइन टेस्ट और साक्षात्कार के नाम पर उससे पैसे मंगवाए जाते रहे। सौ फीसदी नौकरी देने का उससे वादा किया गया लेकिन न नौकरी मिली और ऊपर से उससे 35 हजार रुपये ले लिए हैं।
पुलिस में दर्ज शिकायत में युवती अंशिता ने बताया कि इसने सितंबर 2018 में नौकरी डॉट कॉम पर जॉब के लिए आवेदन किया था। इस पर सिद्धार्थ नाम के व्यक्ति ने उसे फोन करके बताया कि वह नौकरी डॉट कॉम का एचआर प्रबंधक है। उसने युवती से नौकरी के लिए कागजात और फीस के तौर पर इससे 3500 रुपये मंगवाए जो इसने दे दिए। दूसरी मर्तबा सिद्धार्थ ने इसे फोन किया कि रजिस्ट्रेशन के लिए 8500 रुपये देने होंगे जो इसने जमा करवा दिए। ऑनलाइन टेस्ट और साक्षात्कार के लिए 10,500 और 12,500 रुपये भी मंगवाए। उसने पैसे जमा कर दिए और इसे सौ फीसदी नौकरी लगाने की जिम्मेवारी ली गई।
यह लगातार इनके संपर्क में रही लेकिन न ही इसकी नौकरी लगी और उस पर करीब 35 हजार रुपये की ठगी भी कर ली। एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने भादसं 420 व 120बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।