अमर उजाला ब्यूरो
कुनिहार (सोलन)। गर्मी का मौसम शुरू होते ही जंगलों में आग लगने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। शनिवार शाम को शिव गुफा के समीप शाम 6:00 बजे के करीब जंगल मे आग लग गई। देखते ही देखते यह आग हवा के झोंकों से भड़कती हुई कई चीड़ के पेड़ों को राख कर गई। स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयासों से करीब 8:30 बजे तक आग पर काबू पा सके।
जानकारी के अनुसार विकास खंड कुनिहार के वन में आग लग गई। इस से जंगली जानवरों, छोटे जीव-जंतु और कीट पतंगों को नुकसान हुआ। हालांकि फायर सीजन में अतिरिक्त फायर वाचर नियुक्त किए जाते हैं। साथ ही जंगलों को आग से बचाने के लिए फॉरेस्ट गार्ड और अन्य वन मंडल कर्मचारियों पर भी दायित्व रहता है। इसके अलावा लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग आग से बचने के लिए कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा है।
एसीएफ कुनिहार संजीव सूद ने बताया कि गर्मी में आग की घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त फायर वाचर विभाग ने नियुक्त किए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से जंगलों को आग से बचाया जा सकता है। क्षेत्र में चीड़ के जंगल अधिक होने से एक छोटी सी चिंगारी भी विकराल रूप ले लेती है। उन्होंने कहा कि जंगलों में लग रही आग की सूचना लोगों को वन विभाग कार्यालय में देनी चाहिए।