बिना एटीएम, ओटीपी दिए कारोबारी
के खाते से निकाले 80 हजार रुपये
बिहार राज्य में सात मार्च की देर रात दो किस्तों में निकाली गई उक्त राशि
पीड़ित कारोबारी ने बैंक प्रबंधन और पुलिस को दी उक्त मामले की शिकायत
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर के एक कारोबारी के एसबीआई खाते से 80 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। इसमें उक्त कारोबारी के खाते से बिहार राज्य में पैसे निकाले गए हैं। मामला 7 मार्च की देर रात का है। इसमें शातिरों ने बिना एटीएम और अन्य किसी भी तरह का ओटीपी दिए बिना खाते से उक्त रकम निकाली है।
इसके बाद उक्त कारोबारी ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। बता दें इससे पहले भी इसी तरह का एक मामला एसबीआई बैंक की जाबली ब्रांच में भी सामने आ चुका है, जिसमें एक महिला के खाते से हरियाणा राज्य में करीब 51 हजार रुपये बिना किसी एटीएम और अन्य दस्तावेजों के निकाले गए थे, और अब सोलन शहर के एक कारोबारी के साथ इसी तरह का मामला पेश आया है। जानकारी के अनुसार शहर के कारोबारी कृर्ति सूद ने पुलिस चौकी में शिकायत की है कि उसका और उसकी पत्नी का ज्वाइंट अकाउंट एसबीआई में कई वर्षों से हैं। इसमें उन्होंने अपने परिवार की गुजर बसर करने के लिए कमाई की पूरी पूंजी जमा करवाई है, लेकिन 7 मार्च की देर रात करीब 12 बजे उसके फोन में एक एसएमएस आया, जिसमें बताया गया कि आपके खाते में से 40 हजार रुपये की राशि निकाली गई है, वहीं कुछ मिनट बाद करीब एक बजे फिर से एक एसएमएस आया जिसमें फिर से 40 हजार रुपये की राशि उसके खाते से निकाल दी गई थी। जबकि उसका एटीएम उसके पास ही था और उक्त एसएमएस में एटीएम से पैसे निकालने की बात बताई जा रही थी। वहीं दो बार एटीएम से उक्त पैसा निकालने के बाद उसके एटीएम को भी ब्लॉक कर दिया था। वहीं दूसरे दिन आठ मार्च को उक्त कारोबारी ने इसकी शिकायत बैंक प्रबंधन सोलन और पुलिस थाना में दी है। जिसमें उन्होंने बैंक और पुलिस से इस मामले में जांच की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। उधर, मामले की पुष्टि एसएचओ धर्मसेन नेगी ने की है, उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले भी हो चुका है इस तरह का मामला
जानकारी के अनुसार जिला सोलन में बैंकों से फर्जी तरीके से पैसे निकालने के मामलों में बढोतरी होती जा रही है। सोलन के कारोबारी के खाते से पैसे उड़ाने के मामले से पहले भी जाबली की महिला सुनिता के एसबीआई खाते में से करीब 51 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आ चुका है। इसमें उक्त महिला के खाते से हरियाणा राज्य के एटीएम से पैसे निकाले गए थे। इस मामले में भी महिला के पास उक्त बैंक का एटीएम उसके पास ही था। इसके बावजूद भी शातिरों ने उसके खाते से उक्त राशि निकाली है। जिसके बाद महिला ने उक्त मामले की शिकायत बैंक प्रबंधन शाखा जाबली में की है।