कोर्ट में बीमारी का झूठा प्रमाण दिखने पर धोखाधड़ी का केस
पुलिस ने सिरमौर निवासी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की शुरू
बीमारी का झूठा प्रमाण पत्र न्यायालय को दिया,
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। न्यायालय में बीमारी का झूठा प्रमाणपत्र दिखाने पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है। अब पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी कोर्ट नंबर-1 सोलन से इंद्रा ठाकुर ने शिकायत की है कि यह न्यायालय में अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इसे न्यायालय ने राकेश कुमार पुत्र विशन सिंह निवासी स्थार डाकघर हाब्बन तहसील राजगढ़ जिला सिरमौर के मामले में पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया था। 27 फरवरी 2019 को सुनवाई के दौरान राकेश कुमार न्यायालय में पेश नहीं हुआ। इस कारण न्यायालय ने आरोपी के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया। इसमें उसने न्यायालय में पेश न होने के लिए अपने बीमार होने का चिकित्सा प्रमाणपत्र दिया। न्यायालय ने चिकित्सा प्रमाण पत्र की जांच पर पाया कि जिस चिकित्सा अधिकारी का प्रमाण पत्र न्यायालय में पेश किया था, उस दिन उक्त चिकित्सा अधिकारी अवकाश पर था। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ते से पेड़ की बाड़ हटाने पर जान से मारने की धमकी दी
कंडाघाट(सोलन)। कंडाघाट थाना में जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार हरीकृष्ण पुत्र दुर्गा दत्त निवासी गांव रूग डाकघर देलगी तहसील कंडाघाट ने शिकायत की है कि इसने अपने घर के लिए मुख्य लिंक रोड़ से घर तक करीब 200 मीटर रोड अपने निजी खर्च से निकाल रखा है। जब 25 मार्च 2019 को उपरोक्त लिंक रोड पर कुछ स्थानीय लोगों ने एकत्रित होकर पेड़ों को काटकर रास्ता में डालकर बंद कर दिया। जब वह 26 मार्च की सुबह देखा तो रास्ता बंद था। वह पेड़ों को हटाने लगा तो उपरोक्त लोग इसके साथ झगड़ा करने लगे तथा मरने मारने पर उतारू हो गए। ये सभी लोग ने इकट्ठे होकर उस पर हमला करने की नीयत से आए तथा जान से मारने की धमकियां देने लगे। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक व्यक्ति ने पीटा बसंतपुर का पंचायत सचिव
अर्की(सोलन)। पुलिस ने बसंतपुर पंचायत सचिव के साथ मारपीट और जान मारने की धमकी देने पर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार सुरेश चंद पंचायत सचिव ग्राम पंचायत बसंतपुर विकास खंड कुनिहार ग्राम चम्यावल पत्रालय सुझाइला ने शिकायत की कि वह ग्राम पंचायत बसंतपुर में सचिव के पद पर कार्यरत है। 26 मार्च को की सुबह वह पंचायत कार्यालय से ग्राम भेल में बनी पक्की नालियों के निरीक्षण के लिए प्रधान ग्राम पंचायत के साथ गया था। वहां धनी राम ग्राम बसंतपुर कहीं से आया और बिना कारण इसे गले से पकड़ा। इसके साथ मारपीट की। जब यह घटना की मोबाइल से रिकॉर्डिंग करने लगा तो उसका मोबाइल लेकर नीचे पटक कर तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।