संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के सपरून चौक पर फोरलेन निर्माता कंपनी ने स्लिप रोड और पैदल पथ बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। इससे शहर से हाईवे पर मिलने वाले वाहनों को फायदा मिलेगा, वहीं छह वार्डों के बाशिंदों को भी लाभ मिलेगा।
कंपनी ने अंडरपास और रेलवे की जगह के बीच नेशनल हाईवे की जगह पर कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि स्लिप रोड पर केवल छोटे वाहन और एंबुलेंस की आवाजाही हो पाएगी।
कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर अंडरपास ब्रिज के निर्माण को लेकर सपरून चौक पर निगम के करीब छह वार्डों को जोड़ने वाले रास्ते पर जेसीबी चला दी थी। इसके बाद लोगों के वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया था।
शहर से हाईवे पर वाहनों को वाया सपरून गुरुद्वारा अंडरपास जाना पड़ता था। इससे पहले भी नगर निगम ने सड़क बनाने की मांग पर एसडीएम से बातचीत की थी। मार्ग टूटने की वजह से लोगों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए ज्यादा दूरी तय करनी पड़ रही है। नगर निगम ने यहां पर लाखों की लागत से बनाए फुटपाथ को भी तोड़ दिया था।
उधर, कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर बलविंद्र सिंह ने कहा कि सपरून चौक पर लोगों की सुविधा के लिए सर्विस रोड और पैदल मार्ग बनाया जा रहा है। यह निर्माण लोगों की मांग पर किया जा रहा है जिसे दो माह में पूरा कर दिया जाएगा।