संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अश्वनी पेयजल योजना में गंदा पानी छोड़ने के वीडियो वायरल होने के बाद जल शक्ति विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने इसका पता लगाने और योजना की निगरानी के लिए टीम का गठन कर दिया है। यह टीम सहायक अभियंता समेत जेई की अध्यक्षता में दिन-रात अश्वनी योजना पर नजर बनाए रखेंगी। साथ ही अगर कोई व्यक्ति योजना में गंदगी फैलाता पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बीते दिनों से अश्वनी पेयजय योजना में बार-बार गंदा पानी आने के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। हालांकि यह पानी स्कीम तक नहीं पहुंच पाया लेकिन लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
जब विभाग ने इसके बारे मौके पर जाकर जांच की तो योजना के आसपास कुछ भी नहीं पाया गया। पानी के सैंपल भरकर जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट और एनआईवी लैब पुणे भेजे गए। करीब दो सप्ताह तक स्कीम से पानी की लिफ्टिंग बंद कर दी गई। एनआईवी पुणे से रिपोर्ट आने के बाद ही पानी की लिफ्टिंग शुरू हो गई है।
उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ई. रविकांत शर्मा ने बताया कि बीते दिनों योजना में गंदा पानी बहने का वीडियो वायरल हुआ था। टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो स्कीम के आसपास ऐसा कुछ नहीं पाया गया। अब सहायक अभियंता की अध्यक्षता में टीम का गठन कर दिया है जो दिन-रात योजना की निगरानी करेगी।