सोलन में दूसरे दिन भी जारी बारिश के बीच मालरोड से आवाजाही करते राहगीर। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए मंगलवार को बादल संजीवनी बनकर बरसे। इससे हजारों किसानों और बागवानों ने राहत की सांस ली है। अच्छी बारिश से नकदी फसलों की पैदावार में बढ़ोतरी होगी।
मंगलवार सुबह से जिले में बारिश का दौर शुरू हुआ जो दोपहर तक चलता रहा। इससे जमीन में अच्छी नमी हो गई है, जो कि फसलों के लिए फायदेमंद होगी। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण क्षेत्र में सूखे जैसी स्थिति हो गई थी। इसका सीधा असर फसलों पर पड़ रहा था।
शिमला-मिर्च, फ्रांसबीन, टमाटर आदि की खड़ी फसलों के लिए भी ये बारिश फायदेमंद साबित होगी। जबकि मक्की की बुआई के लिए बारिश से जमीन का नमीदार होना बेहतर माना जा रहा है।
जिले में गर्मी के प्रकोप से लोग परेशान थे। मंगलवार सुबह भी बारिश शुरू हुई जो दिन भर चलती रही। इस दौरान कार्यालय और दैनिक कार्य निपटाने के लिए आने वाले कई लोग भीग भी गए। मार्च माह से क्षेत्र में लगातार पड़ रहे गर्मी के प्रकोप से निजात मिलने पर लोगों ने भी राहत की सांस ली।
मौसम में आई ठंडक का असर अगले दो से तीन दिन तक जारी रहेगा। बारिश होने से किसानों के चेहरे पर भी रौनक लौट आई है। पहले किसान हर तीसरे दिन मक्की और हरी सब्जियों की सिंचाई कर रहे थे। वहीं अब एक सप्ताह तक सिंचाई की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। बारिश से बरसाती नालों और ठंडे पानी के चश्मों में फिर से पानी चलना शुरू हो गया है। पेयजल स्तर बढ़ने से लोगों को राहत मिलेगी।