BMO orders inquiry in Abdul Kalaam muder case in Baddi BBN
बद्दी (सोलन)। बद्दी की भटोली पंचायत के घरेड़ मार्ग पर 23 जुलाई को हुई युवक की हत्या मामले में बीएमओ ने जांच बैठाई है। ऐसे में पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक पर कार्रवाई की गाज गिर सकती है। बदायूं के बिसौली पुलिस थाने के तहत लक्ष्मीपुर गांव के अब्दुल कलाम के सिर से पोस्टमार्टम के दौरान गोली निकली।
हालांकि नालागढ़ में हुए पोस्टमार्टम में गोली लगने की कोई भी बात सामने नहीं आई थी। अब नालागढ़ में पोस्टमार्टम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जांच बैठा दी है। जांच में अगर लापरवाही पाई गई तो चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सक पूरे शरीर की जांच करता है। सिर से लेकर पांव तक चोट का मुआयना किया जाता है। उसके बाद आंतरिक पोस्टमार्टम किया जाता है।
हालांकि नालागढ़ अस्पताल में 24 जुलाई को हुए पोस्टमार्टम में चिकित्सक ने अब्दुल कलाम का सिर ही नहीं देखा। इस कारण हत्या के मामले को सड़क दुर्घटना मान लिया गया। अगर सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लगती तो वे इसे हादसा ही मान कर चलती और मामला ऐसे ही दब जाता।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद नालागढ़ के एसडीपीओ विवेक चहल के नेतृत्व में एक टीम बदायूं गई। बदाऊं के डीएम से दोबारा कब्र से शव बाहर निकालने की अनुमति ली। इसके बाद शव को कब्र से बाहर निकाल बदायूं अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड के सामने पोस्टमार्टम हुआ। इस दौरान युवक के सिर में गोली मिली जिसे पुलिस अपने साथ लेकर बद्दी लाई।
एसडीपीओ विवेक चहल ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सिर से गोली उनके सामने निकली लेकिन अभी तक बदायूं अस्पताल से रिपोर्ट नहीं आई है।
उधर, बीएमओ डॉ. अजय पाठक ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने इसकी जांच बैठाई है। पता लगाया जाएगा कि यह गलती जानबूझ की गई है या गलती से ऐसा हुआ है। अगर जांच में चिकित्सक की गलती मिली तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।