भाजपा की जिला स्तरीय दो दिवसीय आवासीय बैठक में प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधा गया। दो दिन चली बैठक में प्रदेश सरकार को नाकाम करार देते हुए कई मुद्दे गूंजे। इसमें केंद्र सरकार की घोषणाओं को धरातल पर लागू न करने का मुद्दा भी गरमाया रहा। आरोप लगाए कि केंद्र सरकार की विकासात्मक योजनाओं पर राज्य सरकार की लापरवाही के कारण विकास थम गया है। अंतिम दिन बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष हरदेव कौशल ने की।
प्रथम सत्र में कसौली के विधायक डॉ. राजीव सहजल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। उन्होंने अगले वर्ष पार्टी द्वारा की जाने वाली संगठनात्मक विषयों की जानकारी दी। दूसरे सत्र में विधायक गोविंद राम शर्मा ने सरकार की नाकामियों को गिनाया। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में अवगत करवाया। तीसरे और अंतिम सत्र में बतौर मुख्य अतिथि शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार का यह 4 साल का कार्यकाल काले अध्याय के रूप में जाना जाएगा। इस दौरान न ही कोई विकास कार्य हुए और न ही जनता की समस्याओं का समाधान हो सका।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र झूठ का पुलिंदा है। कोई भी घोषणा पूरी नहीं कर पाई है। घोषणापत्र में नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वायदा प्रमुखता से किया था लेकिन अब सरकार उससे पीछे हट गई है। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया जिसमें आरोप लगाया गया कि सरकार, केंद्र की मोदी सरकार द्वारा शुरू की जनहित योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता को दिलाने में नाकाम साबित हुई है।
बैठक में अतिरिक्त प्रदेश सचिव रतन सिंह पाल, लोकेश शर्मा, सुरेश वशिष्ठ, एचएन कश्यप, बालकराम शर्मा, ठाकुर अमर सिंह, आशा परिहार, डॉ. श्रीकांत शर्मा, कुमारी शीला, राकेश भारद्वाज, नरेंद्र चौधरी, जगदीश्वर शुक्ला, राकेश गौतम, प्रेम, जयनंद शर्मा, लाज किशोर शर्मा और रविंद्र परिहार मौजूद रहे।
केंद्र से मिली धनराशि नहीं हुई खर्च
प्रस्ताव में कहा गया कि 14वें वित्त आयोग में केंद्र सरकार ने 234 प्रतिशत की वृद्धि कर 86 हजार करोड़ रुपये आर्थिक सहायता देकर प्रदेश के प्रति अपना स्नेह दर्शाया था। लेकिन प्रदेश सरकार ने यह राशि विकास पर खर्च करने के बजाय अपने मंत्रियों को महंगी गाड़ियों, निगम वार्डों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की फौज खड़ी करने पर खर्च कर दी। सरकार के संरक्षण में भूमाफिया ,वन माफिया ,खनन माफिया और ड्रग तथा शराब माफिया प्रदेश में पैर पसार रहा है। राजनीतिक प्रस्ताव में कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार लगातार जन विरोधी फैसले ले रही है।
रूसा का किया गया विरोध
भाजपा की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के अभिभावकों के विरोध के बावजूद रूसा पद्धति को लागू किया गया। जिला कार्यसमिति ने प्रदेश भाजपा द्वारा शुरू किए मिशन 50 प्लस को सफल बनाने का आह्वान भी सभी कार्यकर्ताओं से किया। राजनीतिक प्रस्ताव में कहा गया कि केंद्र से मोदी सरकार द्वारा दी सौगात का लाभ उठाने में यह सरकार पूर्णतया विफल रही है।