सीधी ढलान और चढ़ाई होने से लगातार हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों ने नगर निगम और ठेकेदार पर उठाए सवाल
चार लाख रुपये से तैयार की सड़क बन रही मुसीबत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के वार्ड-12 स्थित सन्नी साइड में 4,00,000 रुपये की लागत से तैयार की गई सड़क लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। इस रोड पर की ग्रेडिंग सही न होने के कारण हादसों का डर बना हुआ है। रोड पर पैदल और वाहन में चलना किसी जोखिम से कम नहीं है।
लोगों को कहना है कि सड़क को बनाते समय नियमों को ध्यान नहीं रखा गया है। आलम यह है कि एक ओर से ढलान अधिक हो गई है और दूसरी ओर खड़ी चढ़ाई है। इस कारण रोजाना लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। रोड की ग्रेडि़ंग न होने से स्थानीय लोगों ने निगम और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं ठेकेदार पर कार्रवाई करने और रोड को ठीक करने की मांग की है। यह समस्या स्थानीय लोगों ने आयुक्त को उनके दौरे के दौरान बताई।
गौर रहे कि हाल ही में नगर निगम की ओर से वार्ड-12 में रोड का निर्माण किया गया है। लेकिन निगम ने जिस ठेकेदार को यह कार्य दिया उसने ड्राइंग के मुताबिक रोड का निर्माण नहीं किया। इससे अब लोगों को आवागमन में दिक्कत आ रही है। हालांकि इस बारे कई बार लोगों ने निगम को बताया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वार्ड में रह रहे लोगों का कहना है कि निगम ने ठेकेदार को टेंडर अलॉट तो किया लेकिन उसके बाद कोई ध्यान नहीं दिया गया। उनके वार्ड में लाखों रुपये खर्च कर रोड का निर्माण किया गया। लेकिन अब ढलान और चढ़ाई होने से लोगों को दुर्घटना का डर बना रहता है। अधिकतर परेशानी बारिश के बाद आती है जब रोड पर फिसलन हो जाती है।
उधर, नगर निगम सोलन के आयुक्त जफर इकबाल ने कहा कि उन्होंने वार्ड-12 का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्हें लोगों ने रोड की समस्या बताई। इस रोड पर स्पीड ब्रेकर लगाकर ठीक किया जाएगा। जल्द इस पर काम शुरू हो जाएगा।