नगर परिषद के ईओ आरएस वर्मा अस्पातल मार्ग पर दुकानदारों को अतिक्रमण को लेकर चेतावनी देते हुए। सं
परिषद की टीम ने की कार्रवाई, दुकानदारों में मचा हड़कंप
दुकानदारों को दायरे से बाहर तक सामान न फैलाने की चेतावनी
नियमों की पालना न करने पर दुकानदारों का सामान भी होगा जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। क्षेत्र बाजार में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और रेहड़ी धारकों पर नप की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान एक दर्जन रेहड़ी फड़ी वालों का सामान कब्जे में लिया गया। नप की कार्रवाई से रेहड़ी संचालकों में हड़कंप मच गया और टीम को देख कर रेहड़ी लेकर भाग गए। वहीं सभी दुकानदारों को चेपावनी भी दी गई कि वह भी अपना सामान दुकानों के भीतर रखें, सड़क पर न सजाएं। अगर भविष्य नियमों की पालना न हुई तो उनका सामान भी जब्त किया जाएगा।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा के नेतृत्व में नगर परिषद की सफाई निरीक्षक और जेई ने बाजार में अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों पर शिकंजा कसा और एक दर्जन ोहड़ी फड़ी वालों का सामान और रेहडि़यां जब्त कर लीं। यह कार्रवाई नालागढ़ के अस्पताल रोड और गेट के समीप लगी रेहड़ी संचालकों पर की गई। साथ ही सभी रेहड़ी संचालकों को चेतावनी दी गई कि वह निर्धारित स्थान पर रेहड़ी फड़ी लगाएं। थोड़ा बहुत चलते रहें एक ही जगह न खड़े हों, ताकि बाजार में जाम न लगे। नप अधिकारियों ने बाजार में सभी दुकानदारों को कहा कि वह अपना सामान सड़क पर न फैलाएं।
नप के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा ने बताया कि उन्होंने शनिवार को चलाए गए अभियान में एक दर्जन रेहड़ी फड़ी को कब्जे में लिया है। वहीं पूरे बाजार में सामान को सड़क पर न फैलाने के लिए चेतावनी दी। अगर भविष्य में दुकान का सामान सड़क पर फैला हुआ मिला तो सामान को जब्त किया जाएगा।