बरोटीवाला कॉलेज के छात्र अपनी मांगो के लेकर गेट पर नारेबाजी करते हुए। संवाद
- फोटो : SOLAN
बरोटीवाला(सोलन)। नए कॉलेज भवन में शिफ्ट करने की मांग को लेकर बरोटीवाला कॉलेज के विद्यार्थियों ने वीरवार को कक्षाओं का बहिष्कार किया। गेट पर एकत्रित होकर सरकार और विवि प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि स्कूल भवन में उनकी कक्षाएं सुचारु रूप से नहीं चल रही हैं।
कोविड संक्रमण दोबारा फैल गया है लेकिन विद्यार्थियों की सुरक्षा कस कोई प्रावधान नहीं है। कॉलेज भवन तैयार है लेकिन जानबूझ कर उद्घाटन लटकाया जा रहा है। कॉलेज के छात्र कुलवीर सैणी, अकबर खान, लविश, रितिका, आईशा, शिवानी और नेहा दोपहर तीन बजे कक्षाओं का बहिष्कार करने के बाद गेट पर एकत्रित हुए और सरकार और प्रदेश विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कुलवीर सैणी ने कहा कि नया कॉलेज भवन तैयार है लेकिन उद्घाटन नहीं होने से उसे कॉलेज प्रशासन को समर्पित नहीं किया गया है। कक्षाएं स्कूल बिल्डिंग में लग रही हैं जो पर्याप्त नहीं है। आधे बच्चे जगह की कमी के चलते कक्षा में नहीं बैठ पा रहे हैं। ऊपर से कोविड संक्रमण दोबारा से आ गया है, ऐेसे में यहां पर छात्र खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने नए साल पर कॉलेज में कार्यक्रम करना था लेकिन जगह की तंगी के चलते ऐसा नहीं हो पाया।
उधर, प्राचार्य राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कोविड गाइडलाइन के चलते कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा अन्य किसी कार्य की अनुमति नहीं दे सकते। छात्र कॉलेज में नए साल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम करना चाहते थे लेकिन अभी ऐसा करने के लिए आदेश नहीं है जिस पर छात्र भड़क गए। उन्होंने कहा कि नई बिल्डिंग का 20 फीसदी काम बाकी है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को इसे जल्द पूरा करने के लिए कहा है। जैसे ही बिल्डिंग तैयार होगी, कक्षाएं शिफ्ट कर दी जाएंगी।