बद्दी (सोलन)। पुलिस ने यूपी के मुरादाबाद से दो उद्घोषित अपराधी पकड़े हैं। ये दोनों अपराधी चोरी कर भाग गए थे। कोर्ट में पेश नहीं होने पर इन्हें पीओ घोषित कर दिया था। पीओ सेल के प्रभारी पवन कुमार के नेतृत्व में बद्दी पुलिस की टीम ने यूपी के मुरादाबाद के सिविल लाइन कॉलोनी ने होरी लाल को गिरफ्तार किया है।
होरी लाल ने बद्दी में चोरी की थी। चोरी के बाद यह कोर्ट में पेश नहीं हुआ जिस पर कोर्ट ने उसे नौ मार्च 2021 को पीओ घोषित कर दिया था। पुलिस ने इसे मुरादाबाद से ही गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुरादाबाद से सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है।
सुनील पर बरोटीवाला थाने के तहत चोरी का मामला दर्ज था। आरोपी जमानत पर रिहा हो गया था लेकिन कोर्ट में पेश नहीं हुआ। नालागढ़ की अदालत ने 12 अक्तूबर 2017 को उद्घोषित अपराधी करार कर दिया था। पुलिस ने उसे भी मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट ने पीओ घोषित किया था। शीघ्र ही दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।