पिछले साल हुआ था 3.98 अरब का कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले की सोलन और परवाणू सेब मंडी ने इस बार बागवान मालामाल कर दिए। दोनों सेब मंडियों में भले ही इस बार सेब कम पहुंचा हो लेकिन बेहतर दाम मिलने से बागवानों की चांदी रही।
सीजन की शुरुआत में ही सोलन मंडी में सेब आना शुरू हो गया था। यहां पर शुरुआत में ही सेब के दाम 2500 रुपये पेटी तक रहे। हालांकि बीच में दाम कम हुए, बावजूद इसके यहां पर सेब आढ़ती और बागवान निराश नहीं हुए। अधिकारियों के अनुसार किलो के हिसाब से सेब लेने के कारण भी बागवानों को मुनाफा हुआ।
जानकारी के अनुसार इस बार सोलन और परवाणू सेब मंडी में 22 लाख 66 हजार 333 पेटियां पहुंचीं। मंडी में 2 अरब 95 करोड़ का व्यापार हुआ। पिछले साल 40 लाख सेब की पेटियां आई थीं और 3 अरब 98 करोड़ का व्यापार हुआ था। इस साल भले ही कम पेटियां मंडी में आईं लेकिन किसानों और बागवानों को सेब के बढ़िया दाम मिले हैं।
सेब के मिलेे बढि़या दाम : रविंद्र
सब्जी मंडी सोलन के सचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार सेब की पैदावार कम थी लेकिन सरकार के किलो के हिसाब से सेब लेने के फैसले से इस बार किसानों और बागवानों को बढ़िया दाम मिले हैं। आपदा के दौर में सड़कें भी बंद रहीं लेकिन सरकार और प्रशासन ने इसको लेकर बेहतर कार्य किया और समय पर सेब की फसल मंडियों तक पहुंच सकी।