नालागढ़ (सोलन)। डीएसपी ने निजी बस संचालकों के साथ बैठक कर नए अड्डे पर जाने के लिए स्पष्ट रूप से निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई संचालक नए अड्डे पर नहीं जाता है तो उसकी बस का चालान किया जाएगा। पुलिस के सख्त तेवर देखते हुए निजी संचालकों ने पुराना बस अड्डा खाली कर दिया है।
डीएसपी अमित यादव ने निजी बस संचालकों को कहा कि सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च करके बस अड्डा बनाया है। इसलिए वे सभी अपनी बसें नए अड्डे से ही चलाएं। यात्रियों को भी नए अड्डे में उतारें। पुराने बस अड्डे से खाली सवारियां चढ़ा और उतार सकते हैं लेकिन यहां पर खड़ा होने की मनाही है। अगर कोई बस संचालक नियमों की अवेहलना करता पाया गया तो उसकी गाड़ी का चालान किया जाएगा।
निजी बस आपरेटर संघ के प्रधान कुलतार सिंह ने कहा कि नए बस अड्डे पर निजी बस चालकों और परिचालकों के लिए बैठने की सुविधा नहीं है। फिर भी सभी बसें नए बस अड्डे से निर्धारित समय पर ही चलेंगी। जो बस समय पर नहीं जाएगी उसका चालान होना चाहिए। इस दौरान फैसला लिया गया कि बद्दी से आने वाली बसें पुराने बस अड्डे पर केवल सवारियां उतारेंगी और वहां से नए बस अड्डे आएंगी साथ ही वहां से निर्धारित समय पर अपने नए रूट के लिए रवाना होंगी।
नया बस अड्डा एक अप्रैल से चालू है लेकिन अभी तक निजी बस संचालक वहां पर नहीं गए थे। सभी बसों को पुराने अड्डे से ही संचालित किया जा रहा है। पुराना अड्डा बस स्टैंड बाजार के साथ होने से सभी यात्री यहीं से बैठ रहे थे जिससे नए बस अड्डे से चलने वाले सरकारी बसें खाली घूम रही थीं। निगम को प्रति दिन नुकसान हो रहा था। बैठक में परिवहन निगम के आरएम हरपाल सिंह, आरटीओ प्रकाश चंद, निजी बस आपरेटर संघ के प्रधान कुलतार सिंह, उपप्रधान अरुण चंदेल, मनोज राणा, अशरफ अली, बली ठाकुर, विजय पाल, कृष्ण कुमार, कुलदीप सिंह ने भाग लिया।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने तोड़ा अनशन
नालागढ़ (सोलन)। परिवहन निगम के प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष राजन वर्मा ने निजी बस संचालकों के अड्डे पर जाने के बाद अपना अनशन तोड़ दिया है। निजी बस संचालक नए अड्डे पर नहीं आ रहे थे। पुराने अड्डे से ही सवारियां भर रहे थे जिससे निगम की बसें खाली चल रही थीं। पुलिस ने मंगलवार को पुराने अड्डे से भी निजी बसों को हटा दिया और वहां पर रस्सी लगा कर उसे बंद कर दिया।