कालका शिमला हाईवे पर टीटीआर के समीप पलटा सेब से लदा ट्रक। संवाद
- फोटो : SOLAN
परवाणू(सोलन)। शिमला के संजौली से सेब लेकर आ रहा ट्रक कालका-शिमला एनएच पर टीटीआर के समीप पलट गया। इसमें ट्रक चालक की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर घायल हो गए हैं। हादसा मंगलवार दोपहर बाद हुआ। स्थानीय लोगों ने घायलों को परवाणू अस्पताल पहुंचाया जहां पर डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य दो का इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जानकारी के अनुसार शिमला के संजौली से एक ट्रक सेब लेकर चंडीगढ़ जा रहा था। जब ट्रक कालका-शिमला एनएच पर टीटीआर के समीप पहुंचा तो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। जिसमें चालक समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी, जिसके बाद घायलों को परवाणू अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने ट्रक चालक मोहन प्रकाश निवासी गांव कांगर जिला सिरमौर को मृत घोषित कर दिया जबकि नितिन ठाकुर पुत्र भगवंत सिंह निवासी नौणी डाकघर जमटा तहसील नाहन जिला सिरमौर और धर्मेंद्र का इलाज चल रहा है। उधर, डीएसपी योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।