संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में लगातार डेंगू बढ़ता जा रहा है जबकि प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन अभी तक डेंगू से सुरक्षित है। यहां पर रोजाना टेस्ट हो रहे हैं लेकिन अभी तक डेंगू का मामला सामने नहीं आया है।
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ अभी तक डेंगू के प्रकोप से बचा हुआ है। नालागढ़ अस्पताल में रोज बुखार के कई रोगियों के सैंपल लिए जा रहे हैं। नालागढ़ अस्पताल में डेंगू के करीब 25 सैंपल प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
अभी तक 400 सैंपल अकेले नालागढ़ में लिए जा चुके हैं जबकि बद्दी अस्पताल में 92 रोगियों के सैंपल लिए गए हैं लेकिन अभी तक कोई डेंगू का मरीज सामने नहीं आया है।
उधर, एसएमओ डॉ. अनिल अरोड़ा ने बताया कि अभी तक बद्दी में डेंगू का एक भी रोगी सामने नहीं आया है। अभी तक कुल 92 बुखार के रोगियों के सैंपल लेकर लिए गए हैं। इनमें कोई डेंगू संक्रमित नहीं पाया गया।
बीएमओ डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि अभी तक नालागढ़ और बद्दी में कहीं भी डेंगू के मरीज सामने नहीं आए हैं। डेंगू से बचने के लिए बरसात के बाद जगह-जगह पानी जमा न होने दें। कूलर का पानी थोडे़ दिनों के बाद बदल लें। घर के साथ नालियों में पानी को जमा न होने दें। डेंगू का मच्छर जमा हुए पानी में पनपता है। रोगी को बुखार आने पर ढील न बरतें और साथ लगते स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं।