चूहवाल स्थित शिव मंदिर में दानपात्र का टूटा ताला। संवाद
- फोटो : SOLAN
नालागढ़ (सोलन)। प्राचीन शिव मंदिर चूहवाल में शातिरों ने दानपात्र का ताला तोड़ कर करीब 25 हजार रुपये चुरा लिए। हालांकि सीसीटीवी में मंदिर में प्रवेश करते समय शातिर दिखाई दे रहा है। इसकी शिकायत लोगों ने पुलिस को दी। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
चूहवाल निवासी मोहन सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े 11 से 12 बजे के बीच बाइक पर दो युवक आए। इसमें एक युवक बाइक पर बैठा रहा और दूसरा युवक बाइक से उतर कर मंदिर में गया और वहां पर दानपात्र का ताला तोड़ कर वहां से नकदी ले गया। सीसीटीवी कैमरे में आरोपी का चेहरा दिखाई दे रहा है। पिछले काफी समय से मंदिर का दानपात्र नहीं खोला गया था। उसमें करीब 25 हजार से अधिक दान का पैसा होने की उम्मीद है।
सुबह जब मंदिर का पुजारी मंदिर खोलने आया तो उसे चोरी का पता चला। उसने ताला टूटने की सूचना मंदिर कमेटी पदाधिकारियों की दी। सूचना मिलते ही सभी लोग मौके पर आए और पुलिस को इसकी सूचना दी। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस इसकी जांच कर रही है।