डेंगू के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कसा शिकंजा
परवाणू के बाद अब बीबीएन में उद्योगों को दिए जाएंगे नोटिस
जिला में 600 के करीब पहुंचने वाला है डेंगू का आंकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिला में बढ़ रहे डेंगू के प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। परवाणू के बाद अब विभाग बीबीएन में भी सफाई न रखने वाले उद्योगों को नोटिस थामाएगा। इससे पहले परवाणू में विभाग ने उद्योगों व घरों को नोटिस जारी किए थे। वीरवार से परवाणू में विभाग ने गंदगी फैलाने वाले उद्योगों के चालान काटने भी शुरू कर दिए हैं। अब तक डेंगू का आंकड़ा 600 तक पहुंचने वाला है। विभाग ने परवाणू और बीबीएन में अपनी टीमों को इसके रोकथाम के लिए लगाया है लेकिन डेंगू के मामलों में पिछले दिनों से कोई भी कमी नहीं आ रही है। सोलन जिला के परवाणू, नालागढ़ व बद्दी में डेंगू ने लोगों को जकड़ रखा है। जुलाई माह से शुरू हुए डेंगू ने अब तक सैकड़ों लोगों को अपना शिकार बना दिया है। अब स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू पर लगाम लगाने के लिए गंदगी फैलाने वाले उद्योगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। परवाणू के बाद विभाग ने अब बीबीएन में उद्योगों को नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं। जिला में बढ़ रहे डेंगू के प्रकोप के कारण लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने करीब 20 टीमों को बनाया है। बताया जा रहा है कि परवाणू में गंदगी फैलाने वाले उद्योगों के चलान काटने विभाग और प्रशासन ने शुरू कर दिए हैं। परवाणू में सबसे अधिक मामले डेंगू के अब तक सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के रोकथाम के लिए प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन अभी तक डेंगू के मामलों में कोई भी कमी दिखती नजर नहीं आ रही है।
बीबीएन में भी बढ़ने लगे हैं मामले
परवाणू के साथ अब बीबीएन में डेंगू के मामले बढ़ने लगे हैं। नालागढ़-बद्दी में अब तक डेंगू ने करीब 60 लोगों को अपना शिकार बना डाला है। बीबीएन में डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बाद विभाग ने इन क्षेत्रों में गंदगी फैलाने वाले उद्योगों पर अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
गंदगी फैलाने वाले उद्योगों के कटेंगे चालान
जिला स्वास्थ्य अधिकारी एनके गुप्ता ने कहा कि विभाग ने परवाणू में गंदगी फैलाने वाले उद्योगों के चालान करने शुरू किए हैं। बीबीएन में अभी उद्योगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जिला में डेंगू का आकड़ा 600 तक पहुंचने वाला है।