फोरलेन पर 1250 पेड़ों की बलि, कटान शुरू
पेड़ कटान की अनुमति न मिलने से प्रभावित हो रहा था फोरलेन का काम
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। चंबाघाट से कैथलीघाट तक फोरलेन निर्माण के लिए पेड़ कटान शुरू हो गया है। सोलन रेंज में अभी वन विभाग की सरकारी भूमि पर लगे 1250 पेड़ों को काटने का कार्य वन निगम कर रहा है। फोरलेन निर्माण में दो रेंज कंडाघाट और सोलन में कई प्रजातियों के पेड़ इसकी जद में आएंगे। इन काटे जा रहे पेड़ों में देवदार, बाण, चील और निजी भूमि में लगे पेड़-पौधे भी शामिल हैं। हालांकि इन काटे जा रहे पेड़ों में देवदार की संख्या काफी कम है जबकि बाण की ओर चीड़ के पेड़ों की संख्या सबसे अधिक है। पेड़ों को काटने की अनुमति न मिलने से काम शुरू करने में लगातार देरी हो रही थी। फोरलेन के दूसरे चरण का टेंडर काफी पहले हो चुका है और इसका निर्माण कंपनी को रिकॉर्ड 910 दिन में पूरा करना है। निर्माण से पहले एनएचएआई प्रबंधन को जमीन खाली कर कंपनी के हवाले करनी है। इसमें बड़ी संख्या में कब्जे हटाए गए हैं जबकि पेड़ों को काटने की अनुमति लेने में काफी देर हुई है। अब वन विभाग से अनुमति मिलने के बाद निगम ने कटान शुरू कर दिया है। इसके पूरा होते ही कंपनी निर्माण कार्य शुरू कर देगी।
जल्द पूरा कर लिया जाएगा काम : विभाग
डीएफओ सोलन आरएस जसवाल ने बताया कि सोलन रेंज में पेड़ों के कटान का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि सोलन रेंज में वन विभाग की सरकारी भूमि पर साढ़े बारह सौ पेड़ों को काटा जाना है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पेड़ कटान का काम पूरा कर जमीन एनएचएआई के हवाले कर दी जाएगी।