हिमाचल प्रदेश में अक्तूबर के दौरान केंद्र सरकार का राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) बड़े स्तर पर सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण अभियान चलाएगा। इस दौरान परिवारों की आय, रोजगार, प्रवास, कृषि, कर्ज, निवेश और उपभोक्ता खर्च से लेकर असंगठित क्षेत्र के कारोबार तक की जानकारी जुटाई जाएगी। सर्वेक्षण के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों से संपर्क किया जाएगा। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के तहत संचालित एनएसओ के इन सर्वेक्षणों से जुटाए गए आंकड़े केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के निर्धारण में उपयोग किए जाते हैं। अधिकारियों के अनुसार सर्वेक्षण वैज्ञानिक पद्धति से होगा और परिवारों व प्रतिष्ठानों से प्राप्त जानकारी को गोपनीय रखा जाएगा।