फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल ने ओढ़ी सफेद चादर, जनजीवन प्रभावित

Sat, 19 Jan 2013 12:22 PM IST
शिमला/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
बीते 24 घंटों से जारी बर्फबारी और बारिश से हिमाचल में जनजीवन ठहर गया है। पहाड़ों पर भारी हिमपात और मैदानों में अच्छी बारिश से तापमान काफी गिर गया है। शिमला, मनाली, केलांग, कल्पा, डलहौजी, भरमौर, बरोट, शिकारीदेवी, कमरूनाग जैसे पर्यटक स्थलों को बर्फ की सफेद चादर ने ढक लिया है।
विज्ञापन


बर्फबारी के कारण सड़क परिवहन ठप हो गया है। शिमला-किन्नौर और मनाली-रोहतांग के बीच नेशनल हाइवे और सौ से ज्यादा सड़क मार्ग बंद पड़े हैं। लाहौल स्पीति में दिन का तापमान -7 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान -15 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। लाहौल में भारी हिमपात को देखते हुए लोगों को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।  

बर्फ में दबे किन्नौर जिला में बिजली गुल है। ज्यूरी से आगे सारी सप्लाई लाइन ठप है। शुक्रवार दोपहर तक ही जिला मुख्यालय रिकांगपिओ और सांगला में 120 सेंटीमीटर से ज्यादा बर्फबारी हो चुकी थी। पूरे जिले में सड़क यातायात ठप है। जिलाधीश कैप्टन जेएम पठानिया ने बताया कि बर्फबारी रुकने के बाद सड़कें खोलने का काम शुरू किया जाएगा। ऊपरी शिमला के रोहडू और चौपाल में भी बर्फबारी के साथ बिजली गुल हो गई है।
विज्ञापन


शिमला शहर में दिन में रुक-रुककर बर्फबारी हुई, लेकिन अपराह्न साढ़े तीन बजे से शाम तक लगातार बर्फ पड़ती रही। शहर में यातायात बाधित हो गया और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की सप्लाई प्रभावित हुई है। बस स्किड होने से लाफूघाटी में फंसे 14 लोगों को डीएसपी ठियोग की अगुवाई वाली टीम ने निकाल लिया है।

दुर्गम स्थानों पर गईं हिमाचल परिवहन निगम की 150 बसें रास्ते में फंसी हुई हैं। हिमपात और बारिश से अधिकतम तापमान में 10-11 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। लाहौल स्पीति के जिलाधीश एसएस गुलेरिया ने बताया कि अगले दो दिन के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।  

पड़ोसी राज्यों से कटी राजधानी
राजधानी शिमला पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली से पूरी तरह कट गई है। शिमला में शुक्रवार शाम को हुई बर्फबारी के बाद आईएसबीटी के समीप क्रासिंग पर बसें फंसने के कारण यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। इस कारण शिमला से निचले हिमाचल की ओर जानी वाली बसों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई है। शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे से लेकर देररात तक राजधानी से पड़ोसी राज्यों और निचले हिमाचल के लिए बसें रवाना नहीं हो सकी।

रविवार तक साफ हो जाएगा मौसम
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पूर्वानुमान के अनुसार मौसम रविवार तक ठीक हो जाएगा। शनिवार से मौसम में हल्का सुधार आना शुरू होगा। इसके बाद प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तरी पाकिस्तान और साथ लगते जम्मू-कश्मीर पर बने हवा के कम दबाव के चलते हिमाचल में जमकर बर्फबारी और बारिश का दौर चला हुआ है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें