कृषि विज्ञान केंद्र ने जिले के किसानों को जारी की गाइडलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को अभी राहत मिलती नहीं दिख रही है। आगामी दो-तीन दिन तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान आसमान में छिटपुट बादल जरूर छाए रहेंगे।
बता दें कि सिरमौर में काफी समय से बारिश नहीं हुई है। इसका असर फसलों पर पड़ रहा है। इसको देखते हुए कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं ने जिला के किसानों के लिए आने वाले कुछ दिनों के लिए मौसम संबंधी एडवाइजरी जारी की है।
कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं के मुख्य प्रभारी डाॅ. पंकज मित्तल ने बताया कि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने जिला के किसानों को सलाह दी कि वे उचित नमी वाली मिट्टी में ही उर्वरक, खरपतवारनाशक और कीटनाशक का प्रयोग करें।
गेहूं उत्पादन करने वाले किसानों को फसल संबंधी सलाह देते हुए कहा कि पहली सिंचाई बुआई के 21-25 दिन बाद क्राउन रूट इनिशिएशन (सीआरआई) चरण के समय करनी चाहिए।
उन्होंने किसानों को 30-35 दिन की गेहूं की फसल में यूरिया की दूसरी खुराक डालने की सलाह दी। गेहूं में रासायनिक खरपतवार नियंत्रण के लिए बुआई के 30-40 दिन बाद अर्थात खरपतवार की 2-3 पत्ती अवस्था पर वेस्टा 32 ग्राम/बीघा की दर से छिड़काव करें।
उन्होंने कहा कि उन क्षेत्रों में जहां प्याज की नर्सरी 35-45 दिन पुरानी है, वहां किसानों के लिए सलाह है कि वे एफवाईएम के साथ अच्छी तरह से तैयार खेतों में रोपाई करें। गोभी के लिए किसान अच्छी पैदावार के लिए फसल की निराई-गुड़ाई करें।